
India vs Zimbabwe: भारत और जिम्बाब्वे के बीच टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला हरारे में खेला गया, जहां श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम ने शानदार जीत हासिल करते हुए सीरीज पर भी कब्जा कर लिया। इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 219 रन बनाए, जिसमें ईशान किशन और तिलक वर्मा ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं। इन दोनों की पारियां भारतीय टीम के लिए कारगर साबित हुईं और भारत ने जिम्बाब्वे को 90 रन से हरा दिया।
मैच के बाद ईशान किशन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि मेरा फोकस इस बात पर नहीं रहता कि बाहर क्या चल रहा है और इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने बताया कि मुझे अपने खेलने का तरीका पता है और मुझे पता है कि उस स्थिति में क्या करना होता है। मैं इस बारे में नहीं सोचता कि कौन ज्यादा रन बना रहा है और कौन ज्यादा शॉट लगा रहा है।
ईशान किशन ने यह भी बताया कि उन्हें दूसरों की तरह आक्रामक शॉट खेलने की जरूरत नहीं होती, क्योंकि नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने के नाते उन्हें स्थिति के अनुसार खेलना होता है। जब विकेट जल्दी गिर जाते हैं तो उन्हें पारी को संभालना होता है और जब अच्छी शुरुआत मिलती है तो उन्हें तेज बल्लेबाजी करनी होती है। उन्होंने बताया कि टीम में सभी की अलग-अलग भूमिका होती है। नंबर तीन के बल्लेबाज के तौर पर आपको यह समझना होता है कि विकेट गिरने के बाद सबसे जरूरी क्या है, कब जोखिम उठाकर बड़े शॉट लगाने हैं और कब साझेदारी करनी है। यह सब पिच और परिस्थिति को समझकर करना होता है।
आपको बता दें कि दूसरे टी20 मुकाबले में जब भारतीय टीम ने 29 रन पर वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा के विकेट गंवा दिए थे, तब ईशान किशन ने आकर पहले पारी संभाली और फिर धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों में 81 रन बना डाले। इस दौरान उन्होंने अपनी पारी में 9 चौके और 2 छक्के लगाए। इसके बाद तिलक वर्मा ने 29 गेंदों में 60 रन की पारी खेली, जिससे भारतीय टीम 20 ओवर में 5 विकेट पर 219 रन तक पहुंचने में सफल रही।
220 रन के लक्ष्य के जवाब में जिम्बाब्वे की पूरी टीम 129 रन पर ही ढेर हो गई। मयंक यादव इस मुकाबले में कोई विकेट हासिल नहीं कर पाए, लेकिन डेब्यू करने वाले यश ठाकुर ने 2 विकेट चटकाए। इसके अलावा प्रिंस यादव को भी 2 सफलता मिली। अभिषेक शर्मा ने सबको हैरान करते हुए 3 विकेट चटकाए।