
IND vs ZIM 3rd T20I, Aakash Chopra on Ishan Kishan: भारत और जिम्बाब्वे के बीच चल रही टी20 सीरीज के शुरुआती दो मुकाबले जीतकर टीम इंडिया ने सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला रविवार को हरारे (Harare) में खेला जाएगा। इस अहम मैच से पहले टीम इंडिया के पूर्व ओपनर और मशहूर क्रिकेट कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने एक बड़ा बयान दिया है। उनका मानना है कि अब समय आ गया है कि टीम मैनेजमेंट प्रभसिमरन सिंह को मौका दे।
आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए टीम चयन पर सवाल उठाए। उन्होंने विशेष रूप से ईशान किशन की बात करते हुए कहा कि चूंकि भारत पहले ही सीरीज जीत चुका है, इसलिए ईशान किशन को इस आखिरी मैच में आराम दिया जाना चाहिए। उनकी जगह पंजाब किंग्स के विस्फोटक विकेटकीपर-बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जाना चाहिए। चोपड़ा ने कहा, 'मैं प्रभसिमरन को भी खिलाने के बारे में सोच रहा हूं। आखिर उनकी क्या गलती है? आपने प्रभसिमरन को टीम में चुना है, लेकिन हमें कोई अंदाजा नहीं है कि आप उन्हें दोबारा कब मौका देंगे। आप सीरीज पहले ही जीत चुके हैं।'
आकाश चोपड़ा ने साफ किया कि प्रभसिमरन को टीम में लाने के लिए अभिषेक शर्मा को बाहर नहीं किया जाना चाहिए। अभिषेक शुरुआती दोनों मैचों में फ्लॉप रहे हैं (पहले मैच में 1 रन और दूसरे में 8 रन), लेकिन चोपड़ा चाहते हैं कि टीम उन पर भरोसा जताए। उन्होंने कहा, 'प्रभसिमरन को अभिषेक की जगह मत खिलाइए। उन्हें ईशान की जगह मौका दीजिए। अभिषेक ने भले ही रन नहीं बनाए हैं और उनके लिए दो मैच खराब गए हैं, लेकिन उन्हें तीसरे मैच में भी खिलाएं। उनसे रन बनवाएं और अगर गेंदबाजी की जरूरत हो, तो उनसे वह काम भी करवाएं।'
बता दें कि प्रभसिमरन सिंह ने अभी तक अपना इंटरनेशनल डेब्यू नहीं किया है। घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में उनका रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है। उन्होंने 127 टी20 पारियों में 151.50 के स्ट्राइक रेट से कुल 3,665 रन बनाए हैं। चोपड़ा ने अंत में अपनी बात खत्म करते हुए कहा, 'ईशान को ब्रेक दीजिए। प्रभसिमरन आसानी से विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी भी संभाल लेंगे। इसलिए आप उन्हें एक खिलाड़ी के रूप में भी इस्तेमाल कर सकते हैं। यह प्रभसिमरन को मौका देने का बिल्कुल सही समय है।'