
IND vs ZIM 3rd T20 Probable Playing 11: शनिवार को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में श्रेयस अय्यर एंड कंपनी ने जिम्बाब्वे को 90 रन से हराकर सीरीज जीत ली। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद टीम इंडिया की यह पहली सीरीज जीत है। इस जीत के बाद श्रेयस अय्यर काफी खुश नजर आए और अपने खिलाड़ियों की जमकर तारीफ की। इस दौरान उन्होंने यह भी बताया कि जीत के बावजूद टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में तीसरे मुकाबले के लिए बदलाव हो सकता है।
दूसरे टी20 मुकाबले में गेंदबाजी के दौरान प्रिंस यादव चोटिल हो गए थे, जिसके बाद उनका तीसरे मुकाबले में खेलना मुश्किल लग रहा है। यही वजह है कि टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में बदलाव होना लगभग तय माना जा रहा है। दूसरे टी20 मुकाबले में यश ठाकुर ने डेब्यू किया और शानदार गेंदबाजी करते हुए दो विकेट चटकाए, जबकि पहले मैच के हीरो रहे मयंक यादव को कोई सफलता नहीं मिली। हालांकि, उन्होंने बल्लेबाजों को काफी परेशान किया। इसके अलावा अभिषेक शर्मा ने सभी को हैरान करते हुए सिर्फ 17 गेंदों में 3 विकेट चटका दिए।
प्रिंस यादव की जगह तीसरे टी20 मुकाबले में अशोक शर्मा को मौका मिल सकता है, जिन्होंने पहले टी20 में डेब्यू किया था। हालांकि, वह कोई विकेट हासिल नहीं कर पाए थे। दूसरे मुकाबले में उन्हें बेंच पर बैठना पड़ा और अब तीसरे मुकाबले में उनकी प्लेइंग इलेवन में फिर से वापसी हो सकती है। इसके अलावा बल्लेबाजी में कोई बदलाव नजर नहीं आ रहा है। वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा ओपनिंग करते हुए नजर आएंगे, जबकि ईशान किशन, तिलक वर्मा और रिंकू सिंह को बरकरार रखा जाएगा।
वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, अशोक शर्मा, यश ठाकुर, रवि बिश्नोई और मयंक यादव।
आपको बता दें कि इस सीरीज के दोनों मुकाबलों में भारतीय टीम ने शानदार जीत हासिल की है। दूसरी ओर मेजबान टीम हर विभाग में टीम इंडिया के काफी पीछे नजर आई है। तीसरे मुकाबले में जहां टीम इंडिया सूपड़ा साफ करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी, तो जिम्बाब्वे क्लीन स्वीप से बचना चाहेगी।