क्रिकेट

IND vs ZIM: वैभव सूर्यवंशी के पास वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ने का मौका, जिम्बाब्वे के खिलाफ 11 छक्के लगाते ही बन जाएंगे नंबर वन

IND vs ZIM T20 2026: भारत-जिम्बाब्वे टी20 सीरीज में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के पास इतिहास रचने का सुनहरा मौका है। अगर वह तीन मैचों की सीरीज में 11 छक्के लगा देते हैं, तो टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 150 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे
2 min read
Jul 22, 2026
Vaibhav Suryavanshi and Abhishek Sharma
वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा (फोटो- IANS)

Vaibhav Suryavanshi 11 Six Away From World Record: भारत और जिम्बाब्वे के बीच टी20 सीरीज की शुरुआत 23 जुलाई से होने जा रही है। इस सीरीज में वैभव सूर्यवंशी के पास एक बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का मौका होगा। अब तक सूर्यवंशी ने 37 टी20 पारियों में 139 छक्के लगाए हैं। अगर इस तीन मैचों की सीरीज में वह 11 छक्के लगा देते हैं, तो वह टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 150 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे।

मोहम्मद वसीम के नाम वर्ल्ड रिकॉर्ड

फिलहाल यह रिकॉर्ड यूएई के मोहम्मद वसीम के नाम है, जिन्होंने 66 पारियों में 150 छक्के पूरे किए थे। इस मामले में दूसरे नंबर पर वेस्टइंडीज के एविन लुईस हैं, जिन्होंने 150 छक्के लगाने के लिए 70 पारियां ली थीं। वहीं क्रिस गेल तीसरे नंबर पर हैं, जिन्होंने 72 पारियों में यह कारनामा किया था।

इंग्लैंड के खिलाफ सूर्यवंशी के प्रदर्शन को देखते हुए सवाल यह भी है कि क्या उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह मिलेगी। क्योंकि इंग्लैंड के खिलाफ खेले 3 मुकाबलों में वह सिर्फ 39 रन बना पाए थे। संजू सैमसन को रेस्ट जरूर दिया गया है लेकिन उनकी जगह प्रभसिमरन को टीम में जगह मिली है और अगर प्रभसिमरन को आजमाया जाता है तो सूर्यवंशी या अभिषेक शर्मा में से किसी एक को बाहर बैठना पड़ सकता है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही होगा कि जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले टी20 में सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में मौका मिलता है या नहीं।

इंग्लैंड में लगाए 5 छक्के

वैभव सूर्यवंशी ने 4 जुलाई को इंग्लैंड के खिलाफ टी20 डेब्यू किया था। पहले मुकाबले में उन्होंने सिर्फ 10 गेंदों में 14 रन बनाए थे। दूसरे मुकाबले में उन्होंने 5 गेंदों में 13 रन की पारी खेली थी। अपने तीसरे मैच में भी सूर्यवंशी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और 10 गेंदों का सामना करते हुए 15 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। हालांकि सूर्यवंशी ही नहीं टीम इंडिया का कोई भी बल्लेबाज इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में कुछ खास नहीं कर पाया था और श्रेयस अय्यर एंड कंपनी को 4-0 से हार झेलनी पड़ी थी।

सूर्या का भी रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं सूर्यवंशी

वैभव सूर्यवंशी ने इंटरनेशनल क्रिकेट में अब तक 5 छक्के लगाए हैं। अगर वह इस सीरीज में 11 छक्के लगा देते हैं, तो वह सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड भी तोड़ देंगे। आपको बता दें कि भारत के लिए सबसे तेज 150 टी20 छक्के लगाने का रिकॉर्ड सूर्यकुमार यादव के नाम है, जिन्होंने यह उपलब्धि 86 पारियों में हासिल की थी।

Updated on:
22 Jul 2026 11:21 am
Published on:
22 Jul 2026 11:02 am