क्रिकेट

IND W vs SA W: साउथ अफ्रीका से हार के बाद हरमनप्रीत कौर निराश, इन 4 गेंदबाजों पर फोड़ा हार का का ठीकरा

India vs South Africa: वूमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में साउथ अफ्रीका ने भारत को 6 विकेट से हराकर सेमीफाइनल की रेस को रोमांचक बना दिया है। भारतीय टीम 159 रन का लक्ष्य बचाने में नाकाम रही। मैच के बाद हरमनप्रीत कौर ने खराब गेंदबाजी और फील्डिंग को हार की बड़ी वजह बताया।

2 min read
Jun 22, 2026
womens cricket team
भारतीय महिला क्रिकेट टीम (फोटो- BCCI Womens)

Team India in Women's T20 World Cup 2026: वूमेंस टी20 वर्ल्डकप 2026 के 18वें मुकाबले में भारतीय टीम को साउथ अफ्रीका के खिलाफ 6 विकेट से हार झेलनी पड़ी। इस हार के बाद अब भारतीय टीम की सेमीफाइनल की राह थोड़ी मुश्किल हो गई है। बर्मिंघम में खेले गए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 158 रन बनाए और कोई भी बल्लेबाज 30 रन के आंकड़े को भी नहीं छू सका। 159 रन के लक्ष्य को साउथ अफ्रीका ने 20वें ओवर की पहली ही गेंद पर 4 विकेट गंवाकर हासिल कर लिया।

जीत के बावजूद साउथ अफ्रीका पीछे

इस जीत के बावजूद साउथ अफ्रीका की टीम अंक तालिका में भारत से पीछे है, जबकि टीम इंडिया 3 मैचों में 2 जीत और 1 हार के साथ दूसरे स्थान पर है। ऑस्ट्रेलिया ने अपने तीनों मुकाबले जीते हैं और वह टॉप पर है। एक ग्रुप से सिर्फ दो ही टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी। इस हार के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर (Harmanpreet Kaur) निराश नजर आईं। उन्होंने मैच के बाद कहा, "हमें कुछ ऐसे मौके मिले जो दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से हाथ से निकल गए, लेकिन मुझे लगता है कि दो मैच अभी बाकी हैं और यह समय हमारे लिए पॉजिटिव रहने और पॉजिटिव सोचने का है।"

आपको बता दें कि जब टीम इंडिया लक्ष्य को डिफेंड कर रही थी, तब ज्यादातर गेंदबाजी स्पिन गेंदबाजों ने की। इसमें शेफाली वर्मा (Shafali Verma) ने 4 और श्री चरणी ने 4 ओवर किए। इस दौरान शेफाली और श्री चरणी ने काफी बेहतरीन गेंदबाजी की और दोनों ने मिलकर 8 ओवर में सिर्फ 46 रन खर्च किए और 4 विकेट हासिल किए।

इसके अलावा बाकी गेंदबाजों ने शेष ओवर डाले, लेकिन न तो कोई विकेट हासिल कर पाए और न ही रन रेट पर ब्रेक लगा सके, जिसकी वजह से भारतीय टीम को इस मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। सबसे हैरान करने वाली बात ये रही कि दीप्ति शर्मा इस मुकाबले में न सिर्फ महंगी रहीं, बल्कि वह एक भी विकेट हासिल नहीं कर पाईं।

मैरिज़ेन कैप ने छीना मैच

मैच के बाद हरमनप्रीत कौर ने हार का ठीकरा अन्य गेंदबाजों पर फोड़ा। उन्होंने खुलकर कहा, "मुझे लगता है कि श्री चरणी और शेफाली ने बहुत अच्छी गेंदबाजी की, लेकिन दूसरे गेंदबाजों से उन्हें साथ नहीं मिला।" उन्होंने यह भी कहा कि दूसरे गेंदबाजों को सोचने की जरूरत है कि उन्हें ऐसी विकेट पर किस तरह गेंदबाजी करनी है। खासकर मैरिज़ेन कैप की शानदार पारी पर उन्होंने कहा, "उन्होंने हमसे मैच छीन लिया। मुझे लगता है कि हमने उन्हें दो मौके दिए, लेकिन दुर्भाग्य से हम उसका फायदा नहीं उठा पाए। उन्होंने भी हमें दो मौके दिए, लेकिन हम उसका फायदा नहीं उठा सके।"

इसके अलावा भारतीय टीम ने कई आसान कैच भी छोड़े, जिस पर उन्होंने निराशा जाहिर करते हुए कहा कि ऐसे स्तर पर जब मौके मिलते हैं तो उनका फायदा उठाना चाहिए। लेकिन दुर्भाग्य से आज हमारी किस्मत अच्छी नहीं थी। हालांकि, मुझे लगता है कि अभी भी हमारे पास वापसी करने का मौका है।