
INDW vs ZIMW 2nd T20 Highlights: रविवार को भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने रायपुर के शहीद वीर नरायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में जिम्बाब्वे को 9 विकेट से रौंद डाला। पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे की टीम 20 ओवर में 8 विकेट गंवाकर सिर्फ 102 रन बना सकी। 103 रन के लक्ष्य को भारतीय टीम ने शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना की तूफानी पारी की बदौलत 53 गेंदों में ही एक विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने 3 मैचों की सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त हासिल कर ली है। इस मुकाबले में शेफाली वर्मा ने 55 रन की तूफानी पारी खेली, तो कप्तान स्मृति मंधाना 47 रन बनाकर नाबाद रहीं।
इस मुकाबले में जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पहले 36 में से उसके बल्लेबाज 29 गेंद डॉट कर गए। इस दौरान जिम्बाब्वे ने पावरप्ले में एक विकेट भी गंवा दिया था। खराब शुरुआत से जिम्बाब्वे की टीम पूरे मैच में उबर नहीं सकी। हालांकि चिपो तिरिपानो के 34 और कप्तान जोसेफीने के नाबाद 27 रन की पारियों की बदौलत टीम जैसे तैसे 100 के आंकड़े को पार करने में सफल रही। टीम के 9 बल्लेबाज दहाई के आंकड़े को पार नहीं कर सकीं। जिम्बाब्वे ने 20 ओवर में 8 विकेट गंवाकर 102 रन बनाए।
भारत के लिए निकी प्रसाद ने 2 ओवर 7 रन देकर 2 विकेट चटकाए, तो श्री चरणी, क्रांति गौड़, दीप्ति शर्मा और नंदनी शर्मा को भी एक एक विकेट मिले। शेफाली वर्मा ने भी गेंदबाजी में हाथ आजमाया और 1 ओवर में 3 वाइड सहित 7 रन दिए लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
103 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत धमाकेदार रही। कप्तान स्मृति मंधाना ने शेफाली वर्मा के साथ मिलकर 6 ओवर में बिना विकेट गंवाए 76 रन जोड़ लिए, जो टी20 क्रिकेट में वूमेंस टीम इंडिया का दूसरा सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर है। शेफाली ने 25 गेंदों में 4 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 55 रन की पारी खेली। शेफाली के आउट होने के बाद बचा हुआ काम स्मृति मंधाना ने अनुष्का शर्मा के साथ मिलकर कर दिया। मंधाना 25 गेंदों में 47 रन बनाकर नाबाद रहीं। उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके और 2 छक्के लगाए।