18 अक्टूबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

IND vs NZ: 6 साल से टीम इंडिया नहीं हारी है न्यूजीलैंड में एक भी मैच, टी20 सीरीज से पहले जानें आंकड़े

India vs New Zealand T20 Series: भारत और न्यूजीलैंड के बीच 22 अक्टूबर से पांच मैचों की टी20 सीरीज शुरू होगी। टीम इंडिया के पास 200 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले जीतने वाली पहली टीम बनने का मौका है। जानिए न्यूजीलैंड में भारत का रिकॉर्ड।
2 min read
Google source verification
Shreyas Iyer

श्रेयस अय्यर। (फोटो सोर्स: एक्‍स@/Cricket_live247)

IND vs NZ T20I Stats: भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज श्रेयस अय्यर के लिए किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं होने वाली है, क्योंकि उनकी कप्तानी में अब तक टीम इंडिया बड़ी टीमों के खिलाफ कोई सीरीज नहीं जीत पाई है। आयरलैंड के खिलाफ पहली बार सीरीज हारने वाली टीम इंडिया अय्यर की कप्तानी में इंग्लैंड के खिलाफ एक भी मैच नहीं जीत पाई थी। ऐसे में न्यूजीलैंड दौरे पर अय्यर की सबसे बड़ी टेंशन पिछले रिकॉर्ड्स को बरकरार रखना होगा।

2020 से न्यूजीलैंड में नहीं हारा भारत

भारतीय टीम 2020 से कोई भी मैच यहां नहीं हारी है। आखिरी बार न्यूजीलैंड में भारतीय टीम को फरवरी 2019 में हार मिली थी। उसके बाद 2019-20 में टीम इंडिया ने 5 मैचों की टी20 सीरीज को 5-0 से जीत लिया था, जबकि 2022-23 में खेली गई 3 मैचों की सीरीज को टीम इंडिया ने 1-0 से अपने नाम कर लिया था और दो मुकाबले बारिश की वजह से रद्द हो गए थे। ऐसे में टीम इंडिया के कप्तान श्रेयस की जिम्मेदारी होगी कि वह टीम इंडिया के 6 साल से चले आ रहे न्यूजीलैंड में अजेय सिलसिले को बरकरार रखें।

2006 में शुरू हुआ था टीम इंडिया का सफर

टीम इंडिया अब तक 298 टी20 मुकाबले खेल चुकी है और 198 में जीत हासिल की है, जबकि 83 में उसे हार का सामना करना पड़ा है। सात मैच टाई रहे हैं, जबकि 10 मैचों का नतीजा नहीं निकला है। न्यूजीलैंड दौरे पर दो मैच जीतते ही भारतीय टीम 200 टी20 मैच जीतने वाली पहली टीम बन जाएगी। टीम इंडिया ने 2006 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपना पहला टी20 मुकाबला खेला था और हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ उसका आखिरी टी20 मैच हुआ था। टीम इंडिया का टी20 इंटरनेशनल में जीत प्रतिशत 71% है और इतना किसी भी फुल मेंबर टीम का नहीं है।

न्यूजीलैंड दौरे पर भारतीय टीम का पहला मुकाबला क्राइस्टचर्च में 22 अक्टूबर को खेला जाएगा, तो दूसरा मैच भी इसी मैदान पर 24 अक्टूबर को खेला जाएगा। इसके बाद वेलिंगटन में तीसरा टी20 और ऑकलैंड में चौथा मुकाबला खेला जाएगा। 1 नवंबर को हैमिल्टन में पांचवां और आखिरी मुकाबला होगा। इसके बाद भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 वनडे मैचों की सीरीज होगी और फिर दो टेस्ट मैच खेले जाएंगे, जो वेलिंगटन और क्राइस्टचर्च में होंगे।

न्यूजीलैंड के खिलाफ पलड़ा भी भारी

भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक 31 टी20 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से 19 में भारतीय टीम ने जीत हासिल की है, तो 11 में न्यूजीलैंड को जीत मिली है और एक मुकाबला टाई रहा है, जिसमें भारतीय टीम ने जीत हासिल की थी। दोनों टीमें आखिरी बार टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भिड़ी थीं, जहां भारतीय टीम ने 96 रन से जीत हासिल की थी, जबकि उससे पहले 5 मैचों की टी20 सीरीज को टीम इंडिया ने 4-1 से जीत लिया था। ऐसे में भारतीय टीम इस जीत के सिलसिले को बरकरार रखने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।