India dominating world cricket: सितंबर 2023 से फरवरी 2026 के बीच भारत ने पुरुष, महिला, अंडर-19 और ब्लाइंड कैटेगरी में 6 ICC और 2 ACC खिताब जीतकर विश्व क्रिकेट में अपना दबदबा जमाया है। सीनियर से लेकर जूनियर लेवल तक लगातार सफलता ने भारत को क्रिकेट के इस दौर की महाशक्ति बना दिया है।
India dominating world cricket: सितंबर 2023 से फरवरी 2026 के बीच भारत ने क्रिकेट के हर मोर्चे पर इतिहास रचा है। पुरुष, महिला, अंडर-19 और व्लाइंड, सभी कैटेगरी में तिरंगा लहराते हुए भारत ने इस अवधि में 6 ICC और 2 ACC खिताब जीते। इतने कम समय में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर इतने खिताब जीतना और वह भी अलग-अलग श्रेणियों में, भारतीय क्रिकेट के एक नए युग की शुरुआत को दर्शाता है। आज ही भारतीय शेरनियों की एसीसी वुमेंस राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 (22 फरवरी 2026) में जीत ने इसमें एक और सुनहरा अध्याय जोड़ दिया है।
17 सितंबर 2023 को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में भारत ने श्रीलंका को 10 विकेट से रौंदकर अपना आठवां एशिया कप खिताब जीता। श्रीलंका मात्र 50 रन पर सिमट गई, जो किसी भी वन-डे टूर्नामेंट फाइनल का सबसे कम स्कोर है। मोहम्मद सिराज ने 6 विकेट लेकर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। भारत ने सिर्फ 6.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर 263 गेंद शेष रहते जीत दर्ज की। रोहित शर्मा की कप्तानी में यह जीत भारतीय क्रिकेट के विजयी रथ की शुरुआत साबित हुई।
29 जून 2024 को केन्सिंग्टन ओवल, बारबाडोस में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 7 रन से हराकर अपना दूसरा आइसीसी मेन्स टी20 विश्व कप जीता। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 176/7 बनाए, जिसमें विराट कोहली ने 76 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली और प्लेयर ऑफ द मैच रहे। जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पंड्या ने डेथ ओवरों में शानदार गेंदबाजी की। भारत पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहा और 2013 के बाद पहला सीनियर आइसीसी खिताब जीतकर लंबा इंतजार खत्म किया।
2 फरवरी 2025 को कुआलालंपुर में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 9 विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार आइसीसी अंडर-19 महिला टी20 वर्ल्डकप जीता। दक्षिण अफ्रीका 82 रन पर सिमटी। भारत ने मात्र 11.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर मैच को एकतरफा बना दिया। गोंगाड़ी त्रिशा ने ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए अहम भूमिका निभाई। भारत पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं हारा, जिसने यह दिखाया कि महिला क्रिकेट में भारत की बेंच स्ट्रेंथ कितनी मजबूत हो चुकी है।
9 मार्च 2025 को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराकर तीसरी बार आइसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीती। न्यूजीलैंड ने 251/7 बनाए, जवाब में भारत ने 49वें ओवर में लक्ष्य हासिल किया। रोहित शर्मा ने 76 रन की कप्तानी पारी खेली और प्लेयर ऑफ द मैच रहे। केएल राहुल और रवींद्र जडेजा ने अंत तक संयम बनाए रखा। भारत इस टूर्नामेंट में भी अजेय रहा और 2013 के बाद पहली बार यह ट्रॉफी अपने नाम की।
2 नवंबर 2025 को नवी मुंबई के डॉ. डीवाई पाटिल स्टेडियम में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराकर पहली बार आइसीसी महिला वन-डे वर्ल्ड कप जीता। भारत ने 298/7 का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में दक्षिण अफ्रीका 246 रन पर सिमट गई। भारतीय गेंदबाजों ने मिडल ओवरों में शानदार गेंदबाजी करते हुए मैच पर पकड़ मजबूत की। 2005 और 2017 में फाइनल हारने के बाद यह जीत भारतीय महिला क्रिकेट के लिए एक लंबे इंतजार के बाद मिले मीठे फल की तरह रही।
23 नवंबर 2025 को कोलंबो के पी. सारा ओवल में आयोजित पहले ब्लाइंड वुमेंस टी20 वर्ल्डकप के फाइनल में भारत ने नेपाल को 7 विकेट से हराकर उद्घाटन खिताब जीता। भारत पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं हारा। नेपाल ने 114/5 बनाए, जिसे भारत ने आसानी से हासिल कर लिया। यह जीत केवल एक ट्रॉफी नहीं, बल्कि खेल में सभी को बराबरी के मौके देने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी गई।
6 फरवरी 2026 को हरारे स्पोर्ट्स क्लब, जिम्बाब्वे में भारत ने इंग्लैंड को 100 रन से हराकर आइसीसी अंडर-19 पुरुष वर्ल्डकप 2026 का खिताब जीता। यह भारत का रिकॉर्ड छठा अंडर-19 वर्ल्ड कप था। फाइनल में भारतीय बल्लेबाजों ने मजबूत स्कोर खड़ा किया और गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा। जूनियर लेवल पर ये लगातार सफलता बताती है कि भारतीय क्रिकेट की टैलेंट पाइपलाइन कितनी मजबूत है।
आज (22 फरवरी 2026) बैंकॉक में भारत-ए ने बांग्लादेश-ए को 46 रन से हराकर एसीसी वुमेंस राइजिंग स्टार्स एशिया कप लगातार दूसरी बार जीता। भारत ने 134/7 बनाए, जिसके जवाब में बांग्लादेश 88 रन पर सिमट गया। यह जीत दर्शाती है कि भारतीय महिला क्रिकेट की अगली पीढ़ी भी एशियाई स्तर पर दबदबा बनाए हुए है।