क्रिकेट

ड्रॉ पर समाप्त हुआ दूसरा टेस्ट मैच, टीम इंडिया ने सीरीज पर जमाया कब्जा

बेंगलोर में इंडिया-ए और साउथ अफ्रीका-ए के बीच खेला गया दूसरा टेस्ट मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ। पहला मैच जीतने वाली भारतीय टीम 1-0 के अंतर से सीरीज पर कब्जा जमाया।

2 min read
ड्रॉ पर समाप्त हुआ दूसरा टेस्ट मैच, टीम इंडिया ने सीरीज पर जमाया कब्जा

नई दिल्ली। इंडिया-ए और साउथ अफ्रीका-ए टीम के बीच खेला गया दो अनाधिकारिक टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ। मैच के ड्रॉ पर समाप्त होने के साथ ही भारतीय टीम ने सीरीज को 1-0 के अंतर से अपने नाम कर लिया। बताते चले कि सीरीज के पहले मैच में भारतीय टीम को शानदार जीत हासिल हुई थी। बेंगलोर में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में इंडिया-ए ने बल्ले और गेंद से एकतरफा प्रदर्शन किया। इंडिया-ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए हनुमा विहारी (149) के शतक और अंकित बवाने (80) के अर्धशतक के दम पर अपनी पहली पारी में 345 रन बनाए थे और दक्षिण अफ्रीका-ए को उसकी पहली पारी में 319 रनों पर समेट दिया था।

दूसरी पारी में भारत ने 181 रन बनाए-
मैच के चौथे एवं आखिरी दिन सोमवार को इंडिया-ए ने अपनी दूसरी पारी में चार विकेट के नुकसान पर 181 रन बनाए। अपने तीसरे दिन के स्कोर सात विकेट के नुकसान पर 294 रनों से आगे खेलने उतरी दक्षिण अफ्रीका-ए अपने खाते में एक भी रन नहीं जोड़ पाई थी और उसने एनरिक नोर्टजे (0) का विकेट खो दिया। एनरिक को मोहम्मद सिराज ने पगबाधा आउट किया।

अफ्रीका की पहली पारी का हाल-
टीम के स्कोर में पांच रनों का इजाफा हुआ था कि डुआने ओलिवर (4) को अंकित राजपूत ने पवेलियन का रास्ता दिखाया। सिराज ने मथिवेखाया नाबे (7) को आउट कर दक्षिण अफ्रीका-ए की पारी का अंत किया। मेहमान टीम 26 रनों से पीछे थी और यह लगभग तय हो गया था कि मैच का परिणाम नहीं निकलेगा।

श्रेयस और अंकित का अर्धशतक-
अपनी दूसरी पारी खेलने उतरी इंडिया-ए की तरफ से कप्तान श्रेयस अय्यर ने सबसे ज्यादा 65 रन बनाए जिसके लिए उन्होंने 103 गेंदों का सामना किया और चार चौकों के अलावा चार छक्के मारे। बवाने ने दूसरी पारी में भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 100 गेंदों में नौ चौकों की मदद से 64 रनों की पारी खेली। वह नाबाद रहे। उनके साथ श्रीकर भरत भी 18 रन बनाकर नाबाद लौटे।

मयंक के दोहरे शतक के लिए किया जाएगा याद -
इंडिया-ए ने पृथ्वी शॉ (4) के रूप में अपना पहला विकेट खोया। पहली पारी में शतक जमाने वाले विहारी इस पारी में खाता भी नहीं खोल पाए। मंयक अग्रवाल ने कुछ देर विकेट पर पैर जमाए और 44 गेंदों में पांच चौकों की सहायता से 28 रनों की पारी खेली। वह 54 के कुल स्कोर पर आउट हुए। इस सीरीज को मयंक अग्रवाल के शानदार दोहरे शतक के लिए लंबे समय तक याद किया जाएगा, जो उन्होंने पहले मैच में लगाया था।

ये भी पढ़ें

Eng vs Ind : जो कभी द्रविड़ ने किया था वह कर दिखाया अश्विन ने, 22 साल बाद दोहराया इतिहास
Published on:
13 Aug 2018 07:51 pm
Also Read
View All