क्रिकेट

महिला क्रिकेट : मिताली का नाबाद अर्धशतक, भारत ने इंग्लैंड को 4 विकेट से हराया

भारतीय महिला टीम और इंग्लैंड के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का फाइनल मुकाबला शनिवार को खेला गया। इस मैच में भारत ने इंग्लैंड को 4 विकेट से हराया।

2 min read
Jul 04, 2021

नई दिल्ली। भारतीय महिला टीम ने कप्तान मिताली राज (Mitali Raj) की अर्धशकीय पारी की बदौलत इंग्लैंड की टीम को 3 वनडे मैचों की सीरीज के आखिरी मैच में 4 विकेट से मात दी। मिताली ने 8 चौकों मदद से 86 गेंदों में 75 रन की कप्तानी पारी खेली। भारत की ओपनर बल्लेबाज शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने टीम को अच्छी शुरुआत देने की कोशिश की। भारत का पहला विकेट 46 के स्कोर पर गिरा। शेफाली 19 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद मंधाना ने पारी को संभाला और 49 रन बनाकर आउट हुईं। वह सिर्फ एक रन से अर्धशतक लगाने से चुक गईं। हरमनप्रीत ने (16) , दीप्ति शर्मा (18) और स्नेहा राणा (24) ने भारत की जीत में अपना योगदान दिया।

इंग्लैंड को 219 रनों पर रोका
इससे पहले दीप्ति शर्मा (3/47) के नेतृत्व में भारतीय गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय महिला टीम ने न्यू रोड मैदान पर खेले जा रहे तीसरे और अंतिम वनडे मुकाबले में इंग्लैंड को 219 रनों पर रोक दिया। बारिश के कारण मुकाबला देर से शुरू हुआ और मैच को 47 ओवर कराने का फैसला लिया गया। भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी और इंग्लैंड को 47 ओवर में 219 रन पर ऑलआउट कर दिया। इंग्लैंड की ओर से नताली स्काइवर ने 59 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से सर्वाधिक 49 रन बनाए। भारत की तरफ से दीप्ति के अलावा पूनम यादव, स्नेह राणा, हरमनप्रीत कौर, शिखा पांडे और झूलन गोस्वामी को एक-एक विकेट मिला।

अच्छी नहीं रही इंग्लैंड की शुरुआत
इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही उसने टैमी ब्यूमोंट (0) का विकेट जल्द ही गंवा दिया। इसके बाद लॉरेन विनफिल्ड हिल और कप्तान हीदर नाइट ने पारी को संभालने की कोशिश की। हालांकि, विनफिल्ड (36) रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद नाइट और नताली ने जोड़ी जमाई लेकिन नाइट अर्धशतक बनाने से पहले ही आउट हो गईं। उन्होंने 71 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 46 रन बनाए। उनके आउट होते ही इंग्लैंड की पारी लडखड़़ा गई। हालांकि, नताली ने इसके बाद पारी संभाली लेकिन वह भी ज्यादा कुछ नहीं कर सकीं। इंग्लैंड की पारी में सोफिया डंक्ली ने 28 और एमी एलेन जोन्स ने 17 रन बनाए जबकि कैट क्रॉस 16 रन बनाकर नाबाद रहीं। अन्य कोई बल्लेबाज दहाई अंक तक नहीं पहुंच सका।

Updated on:
04 Jul 2021 12:14 am
Published on:
04 Jul 2021 12:07 am
Also Read
View All