T20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद अब टीम इंडिया सीधे 6 जून को अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच से इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी करेगी। इसके बाद भारत को इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, न्यूजीलैंड और श्रीलंका जैसी टीमों के खिलाफ कई अहम सीरीज खेलनी हैं।
Team India Full Schedule 2026: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 8 मार्च को भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार T20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता। सूर्या की कप्तानी में भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया। ईशान किशन, संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पंड्या और अक्षर पटेल जैसे खिलाड़ियों ने भारतीय टीम को खिताब डिफेंड करने में अहम भूमिका निभाई। अब क्रिकेट फैंस की नजरें अगले मुकाबले पर टिकी हुई हैं। ऐसे में चलिए जानते हैं कि अब भारतीय टीम इंटरनेशनल पिच पर कब उतरेगी और अगला मुकाबला कब खेला जाएगा।
आपको बता दें कि 28 मार्च से IPL की शुरुआत होने जा रही है, जहां सभी भारतीय खिलाड़ियों के साथ कई अन्य देशों के खिलाड़ी भी इसमें शिरकत करेंगे। भारतीय टीम अब सीधे 6 जून को इंटरनेशनल क्रिकेट की पिच पर उतरेगी, जहां उसे अफगानिस्तान के साथ इकलौते टेस्ट मैच के लिए चंडीगढ़ के मुल्लापुर क्रिकेट स्टेडियम में उतरना होगा। इसके बाद भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली जाएगी, जो धर्मशाला, लखनऊ और चेन्नई में खेले जाएंगे।
इसके बाद भारतीय टीम को इंग्लैंड का दौरा करना है, जहां वह पांच T20 मैचों की सीरीज और तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलेगी। पहले पांच T20 मैच खेले जाएंगे, उसके बाद तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली जाएगी। अगस्त में भारतीय टीम श्रीलंका दौरे पर जाएगी, जहां दो टेस्ट और दो T20 मैचों की सीरीज खेली जा जाएगी। सितंबर में भारतीय टीम अफगानिस्तान के साथ तीन T20 मैचों की सीरीज खेलेगी, हालांकि अभी इसकी तारीखों का ऐलान नहीं हुआ है।
अक्टूबर में भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन वनडे और पांच T20 मैचों की सीरीज खेली जाएगी। इसी दौरान सितंबर में एशियन गेम्स भी होंगे, जहां भारतीय T20 टीम जापान में हिस्सा लेने पहुंचेगी। भारतीय टीम पिछली बार की चैंपियन रही है। अक्टूबर-नवंबर में न्यूजीलैंड और भारत के बीच दो टेस्ट और तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली जाएगी। वहीं दिसंबर में भारत और श्रीलंका के बीच तीन वनडे और तीन T20 मैचों की सीरीज खेली जाएगी।