
India tour of Sri Lanka 2026: भारत और श्रीलंका के बीच खेली जाने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज अगस्त में खेली जाएगी। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 के अंतर्गत आने वाली यह सीरीज टीम इंडिया के लिए बेहद अहम है। भारत को अपनी पिछली टेस्ट सीरीज में दक्षिण अफ्रीका के हाथों घर पर हार का सामना करना पड़ा था। जिसके बाद वह डब्ल्यूटीसी अंक तालिका में पहली बार छठे स्थान पर पहुंच गया है।
क्रीकबज की एक रिपोर्ट के मुताबिक भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मुक़ाबला 15- 19 अगस्त के बीच खेला जाएगा। यह मुक़ाबला दक्षिणी श्रीलंका के खूबसूरत गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में आयोजित होगा। वहीं, दूसरे टेस्ट मैच की तारीखों का ऐलान नहीं हुआ है। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब (SSC) ग्राउंड में 23 अगस्त से शुरू होने की उम्मीद है।
भारत 9 साल के बाद टेस्ट सीरीज खेलने के लिए श्रीलंका का दौरा करेगा। इससे पहले साल 2017 में विराट कोहली की कप्तानी में भारत ने श्रीलंका में टेस्ट सीरीज खेली थी और मेजबान टीम को क्लीन स्वीप किया था। भारत को अगर डबल्यूटीसी के फ़ाइनल में जगह बनाई है तो यह सीरीज हर हाल में अपने नाम करनी होगी।
इस दौरे पर सिर्फ टेस्ट मैच ही नहीं, बल्कि फैंस को टी20 का रोमांच भी देखने को मिल सकता है। बीसीसीआई (BCCI) के सेक्रेटरी देवाजीत सैकिया ने हाल ही में मीडिया से बात करते हुए इस बात का संकेत दिया है कि श्रीलंका ने 3 मैचों की टी-20 सीरीज का भी अनुरोध किया है और शेड्यूल को जल्द ही अंतिम रूप दिया जाएगा।
चूंकि श्रीलंका की घरेलू टी-20 लीग 9 अगस्त को खत्म हो रही है, इसलिए टेस्ट सीरीज के ठीक बाद इन तीन टी-20 मैचों का आयोजन करना सबसे आसान और सही फैसला माना जा रहा है। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड इस समय इस पूरे दौरे की बारीकियों पर काम कर रहा है और जल्द ही इसका आधिकारिक ऐलान हो सकता है।