क्रिकेट

धवन के लिए श्रीलंका का दौरा अहम, लक्ष्मण ने बताया कारण

टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी वीवीएस लक्ष्मण ने कहा कि श्रीलंका दौरे पर अच्छा प्रदर्शन कर शिखर धवन के पास टी20 वर्ल्ड कप की टीम में जगह पक्की करने का सुनहरा मौका है।

2 min read
Jul 03, 2021

नई दिल्ली। भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण (VVS Laxman) का मानना है कि श्रीलंका के खिलाफ होने वाली सीमित ओवरों की सीरीज शिखर धवन (Shikhar Dhawan) के लिए टी20 विश्व कप (T20 World Cup) को देखते हुए काफी अहम है। लक्ष्मण ने कहा, ‘मुझे लगता है कि सीमित ओवर के क्रिकेट में प्रदर्शन करने का फल धवन को मिलना चाहिए। वह टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ी हैं। लेकिन धवन को टी20 विश्व को देखते हुए इस अवसर का फायदा उठाना होगा।’

'धवन के लिए टीम में जगह सुरक्षित करने का सुनहरा मौका'
लक्ष्मण ने कहा, ‘टीम में जगह बनाने के लिए प्रतिस्पर्धा कड़ी है क्योंकि रोहित शर्मा और लोकेश राहुल ओपनर के तौर पर हैं। विराट कोहली भी कह चुके हैं कि वह टी20 प्रारूप में ओपनिंग करना चाहते हैं। ऐसे में धवन को रन बनाने होंगे।’ लक्ष्मण ने कहा, ‘भारतीय टीम का कप्तान बनना सुखद है और हर कोई देश का नेतृत्व करने पर गर्व महसूस करता है। लेकिन हमेशा स्कोर बनाने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए, जिससे टीम में जगह सुरक्षित हो सके।’

धवन काफी मजाकिया:पठान
पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने कहा, ‘धवन मजा करना पसंद करते हैं। आप जब भी उनसे मिलेंगे तो वह हमेशा हंसते हुए रहते हैं। युवा खिलाड़ियों को उनके साथ अच्छा लगेगा।’ भारत और श्रीलंका के बीच 13 जुलाई को कोलंबो में पहला वनडे मुकाबला खेला जाएगा। यहां पर भारतीय टीम को 3 वनडे और 3 टी20 मैचों की सीरीज खेलनी हैं। वहीं दूसरी ओर सीनियर टीम इंडिया को इंग्लैंड के खिलाफ 5 टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। धवन को श्रीलंका भेजी गई भारतीय टीम का कप्तान बनाया गया है और राहुल द्रविड़ इस टीम के कोच हैं।

Published on:
03 Jul 2021 06:22 pm
Also Read
View All