IND vs AUS 5th test, Day 1: तेज गेंदबाज स्कॉट बोलैंड और मिचेल स्टार्क की कहर बरपती गेंदबाजी के सामने कोई भी भारतीय बल्लेबाज नहीं टिक पाया और भारतीय टीम 72.2 ओवर में 185 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
India vs Australia 5th test Day 1 Innings highlights: ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (SCG) में खेले जा रहे पांचवे टेस्ट के पहले दिन भारतीय टीम मात्र 185 रन पर ढेर हो गई है। भारत ने इस मैच में अपने नियमित कप्तान रोहित शर्मा को ड्रॉप करते हुए तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के हाथ में कमान सौंपी है। लेकिन बावजूद इसके टीम की कहानी वही रही और एक बार फिर बल्लेबाजी पूरी तरह से फ्लॉप साबित हुई।
कप्तान बुमराह ने सुबह बड़ी गलती की और ओवरकास्ट कंडीशन में पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। ऑस्ट्रेलिया ने इसका पूरा फायदा उठाया और भारतीय टॉप ऑर्डर को सस्ते में ढेर कर दिया। कंगारूओं ने लंच से पहले भारत के 57 रन पर तीन विकेट गिरा दिये। मात्र 11 के स्कोर पर भारत को पहला झटका लगा। मिचेल स्टार्क ने केएल राहुल को सैम कोंस्टास के हाथों कैच आउट कराया। राहुल 14 गेंदें खेलकर 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद जायसवाल 10 रन बनाकर स्कॉट बौलेंड की गेंद पर आउट हो गए।
भारत को तीसरा झटका लगा और शुभमन गिल पवेलियन लौट गए। लंच से ठीक पहली वाली गेंद पर नाथन लियोन ने गिल को स्लिप में स्मिथ के हाथों कैच कराया। वह 20 रन बना सके। गिल ने कोहली के साथ तीसरे विकेट के लिए 40 रन की साझेदारी निभाई थी। इसके बाद दूसरा सेशन शुरू होते ही पूर्व कप्तान विराट कोहली चलते बने।
भारत को 72 के स्कोर पर चौथा झटका लगा था। कोहली 17 रन बनाकर स्कॉट बोलैंड का शिकार बने। फिर से ऑफ स्टंप के बाहर की गेंद के साथ छेड़छाड़ करने के प्रयास में गेंद ने उनके बल्ला का किनारा लिया और स्लिप में खड़े ब्यू वेबस्टर के हाथों में चली गई। इसके बाद ऋषभ पंत और रवींद्र जडेजा ने पारी को सभाला। दोनों ने पांचवे विकेट के लिए 48 रन जोड़े।
लेकिन तभी स्कॉट बोलैंड की शॉर्ट गेंद पर खराब शॉट खेलकर पंत आउट हो गए। उन्हें बोलैंड ने मिड ऑन पर कमिंस के हाथों कैच कराया। पंत ने 98 गेंद पर 40 रनों की जुझारू पारी खेली। अगली गेंद पर बोलैंड ने नीतीश रेड्डी को स्लिप में स्टीव स्मिथ के हाथों कैच आउट कराया। रेड्डी गोल्डन डक पर आउट हुए।
भारत को 134 के स्कोर पर सातवां झटका लगा। मिचेल स्टार्क ने रवींद्र जडेजा को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह 26 रन बना सके। भारत को 148 के स्कोर पर आठवां झटका लगा। वॉशिंगटन सुंदर को विकेट के पीछे कैच आउट दिया गया। हालांकि, ऑनफील्ड अंपायर ने उन्हें नॉटआउट दिया। इसके बाद तीसरे अंपायर ने फैसला बदलते हुए सुंदर को आउट दिया।
भारत को 168 के स्कोर पर नौवां झटका लगा। प्रसिद्ध कृष्णा को स्टार्क ने कैच आउट कराया। वह तीन रन बना सके। भारत का आखिरी विकेट कप्तान बुमराह के रूप में गिरा। पैट कमिंस ने उन्हें मिचेल स्टार्क के हाथों कैच आउट कराया। बुमराह ने 17 गेंद पर 22 रनों की पारी खेली। वहीं मोहम्मद सिराज तीन रन बनाकर नाबाद रहे। ऑस्ट्रेलिया के लिए अबतक स्कॉट बोलैंड ने चार, मिचेल स्टार्क ने तीन, पैट कमिंस, नाथन लयन और मिचेल स्टार्क ने एक - एक विकेट झटके हैं।
भारत का स्कोरकार्ड, पहली पारी: 185 (72.2 ओवर)
| बल्लेबाज | विकेट | रन/गेंद | 4/6 |
| केएल राहुल | कैच कोंस्टास, बोल्ड स्टार्क | 4 (14) | 1/0 |
| यशस्वी जायसवाल | कैच वेबस्टर, बोल्ड बोलैंड | 10 (26) | 0/0 |
| शुभमन गिल | कैच स्मिथ, बोल्ड लायन | 20 (64) | 2/0 |
| विराट कोहली | कैच वेवस्टर, बोल्ड बोलैंड | 17 (69) | 0/0 |
| ऋषभ पंत | कैच कमिंंस, बोल्ड बोलैंड | 40 (98) | 3/1 |
| नीतीश रेड्डी | कैच स्मिथ, बोल्ड बोलैंड | 0 (1) | 0/0 |
| रवींद्र जडेजा | LBW स्टार्क | 26 (95) | 3/0 |
| वॉशिंगटन सुंदर | कैच कैरी, बोल्ड कमिंस | 14 (30) | 3/0 |
| प्रसिद्ध कृष्णा | कैच कोंस्टांस, बोल्ड स्टार्क | 3 (10) | 0/0 |
| जसप्रीत बुमराह | कैच स्टार्क, बोल्ड कमिंस | 22 (17) | 0/1 |
| मोहम्मद सिराज | नॉटआउट | 3* (16) | 0/0 |
विकेट पतन: 11-1 (केएल राहुल, 4.6 ओवर), 17-2 (यशस्वी जयसवाल, 7.4 ओवर), 3-57 (शुभमन गिल, 25 ओवर), 4-72 (विराट कोहली, 31.3 ओवर), 5-120 (ऋषभ पंत, 56.4 ओवर), 6-120 (नीतीश कुमार रेड्डी, 56.5 ओवर), 7-134 (रवींद्र जडेजा , 62.4 ओवर), 8-148 ( वॉशिंगटन सुंदर , 65.6 ओवर ), 168 (प्रसिद्ध कृष्णा, 68.2 ओवर), 10-185 (जसप्रीत बुमराह, 72.2 ओवर)