
India vs England ODI Series 2026: भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला कार्डिफ में गुरुवार को खेला जाएगा। इस मुकाबले से टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल बाहर हो सकते हैं। बर्मिंघम में खेले गए मुकाबले में 80 रन के स्कोर पर उन्हें रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा था, जिसके बाद उनके दूसरे वनडे में खेलने पर सस्पेंस बरकरार है। अगर शुभमन गिल नहीं खेलते हैं तो फिर से श्रेयस अय्यर टीम की कप्तानी करते नजर आ सकते हैं।
आपको बता दें कि पहले वनडे में भारतीय टीम ने शानदार जीत हासिल की और एजबेस्टन में 12 साल के बाद इंग्लैंड को हराया। इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड सिर्फ 258 रन बना पाया, जिसे भारतीय टीम ने 28 गेंद पहले चार विकेट रहते हासिल कर लिया। अक्षर पटेल ने ऑलराउंड प्रदर्शन किया, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। गेंदबाजी के दौरान उन्होंने पहले चार विकेट चटकाए और फिर बल्लेबाजी करते हुए शानदार अर्धशतकीय पारी खेली।
T20 सीरीज में बुरी तरह हारने के बाद वनडे में शानदार वापसी करने वाली टीम इंडिया अब दूसरे मुकाबले में भी जीत हासिल करना चाहेगी और साथ में सीरीज पर भी कब्जा करने की कोशिश होगी। हालांकि शुभमन गिल की कमी खल सकती है क्योंकि पहले मुकाबले में जब भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही थी तब शुभमन गिल ने एक छोर संभालकर रखा था। रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे बल्लेबाज 50 रन के भीतर पवेलियन लौट गए थे, लेकिन उसके बाद श्रेयस अय्यर और शुभमन गिल के बीच शानदार साझेदारी हुई।
शुभमन गिल 80 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हो गए और उन्हें लंगड़ाते हुए पवेलियन लौटना पड़ा। हालांकि अब तक बीसीसीआई ने उनकी इंजरी पर अपडेट नहीं दिया है। अगर वह नहीं खेलते हैं तो रोहित शर्मा के साथ ईशान किशन ओपनिंग करते हुए नजर आ सकते हैं।
भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला गुरुवार को कार्डिफ में खेला जाएगा। यह मैच सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियो हॉटस्टार ऐप पर लाइव देखा जा सकता है। मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 5:30 बजे शुरू होगा।