
IND vs ENG Head to Head Record in Test: भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज 20 जून से शुरू होने जा रही है। सीरीज का पहला मुकाबला लीड्स के हेडिंग्ले में भारतीय समयानुसार, दोपहर 3.30 बजे से शुरू होगा। इसके साथ ही भारत अपने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के अभियान का आगाज भी करेगा। एक दशक से ज्यादा समय के बाद पहली बार टीम इंडिया रोहित शर्मा और विराट कोहली की गैरमौजूदगी में कोई टेस्ट सीरीज खेलने उतरेगी। इस बार टीम इंडिया की कमान 25 वर्षीय युवा कप्तान शुभमन गिल के हाथों में होगी, जिनके सामने इंग्लैंड के 34 वर्षीय अनुभवी कप्तान बेन स्टोक्स होंगे। इस अहम सीरीज से पहले आपको बताते हैं कि इन दोनों टीमों में से अब तक टेस्ट क्रिकेट में किसका पलड़ा ज्यादा भारी रहा है।
भारतीय टीम इंग्लैंड की सरजमीं पर 18 साल से कोई टेस्ट सीरीज नहीं जीत सकी है। टीम इंडिया ने आखिरी बार 2007 में टेस्ट सीरीज 1-0 जीती थी। उस दौरान टीम की कमान राहुल द्रविड़ के हाथ में थी। उसके बाद भारतीय टीम टेस्ट सीरीज जीतने के लिए लगातार संघर्ष कर रही है। उम्मीद है कि भारत इस बार जीत के सूखे को खत्म करने में सफल होगा।
भारत और इंग्लैंड के हेड टू हेड टेस्ट रिकॉर्ड की बात करें तो इन दोनों टीमों का टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में अब तक 136 बार आमना-सामना हुआ है। जिसमें से इंग्लैंड की टीम ने 51 मौकों विजय हासिल की है। वहीं, भारतीय टीम ने 35 बार जीत का स्वाद चखा है। जबकि दोनों के बीच खेले गए 50 टेस्ट मैच ड्रॉ रहे हैं। इस तरह इंग्लैंड का पलड़ा अभी तक भारी रहा है।
अब भारतीय टीम इंग्लैंड की सरजमीं पर टेस्ट सीरीज खेलने जा रही है तो भारत के इंग्लैंड में आंकड़ों पर भी नजर डालते हैं। भारत ने इंग्लैंड में अब तक कुल 67 टेस्ट मैच खेले गए हैं। जिनमें से इंग्लैंड ने 36 मैचों में जीत दर्ज की है तो भारत को सिर्फ 9 जीत नसीब हो सकी हैं। जबकि 22 टेस्ट मैच ड्रॉ रहे हैं। इस तरह इंग्लैंड की टीम अपनी धरती पर काफी मजबूत रही है।
शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, ऋषभ पंत (उप-कप्तान), करुण नायर, नितीश कुमार रेड्डी, अभिमन्यु ईश्वरन, रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, वॉशिंगटन सुंदर, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाशदीप, अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा।
जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रूक, जेमी स्मिथ (विकेट कीपर), बेन स्टोक्स (कप्तान), क्रिस वोक्स, जोश टंग, ब्रायडन कार्स, शोएब बशीर, जैकब बेथेल, सैम कुक, जेमी ओवरटन।