
न्यूजीलैंड बनाम स्कॉटलैंड (फोटो- IANS)
Women's T20 World Cup Points Table: वूमेंस टी20 वर्ल्डकप 2026 में मंगलवार को तीन मुकाबले खेले गए, जिनके नतीजों के बाद एक टीम ऑस्ट्रेलिया का सेमीफाइनल में पहुंचना लगभग तय हो गया, तो वहीं स्कॉटलैंड की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें खत्म हो गईं। न्यूजीलैंड की उम्मीदें बरकरार हैं, वहीं श्रीलंका भी अंतिम चार में पहुंचने की रेस में शामिल है, जबकि आयरलैंड पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुका है।
आपको बता दें कि पहले मुकाबले में न्यूजीलैंड ने स्कॉटलैंड को 6 विकेट से हराया, तो आयरलैंड को श्रीलंका वूमेंस ने 9 विकेट से मात दी। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान को बुरी तरह से पीटा और अपना सेमीफाइनल का टिकट लगभग कन्फर्म कर लिया। इस जीत के साथ अंक तालिका में भी काफी बदलाव हुआ।
ग्रुप बी में इंग्लैंड और वेस्टइंडीज की टीम टॉप-2 में बनी हुई हैं, तो वहीं न्यूजीलैंड ने जीत के साथ तीसरे स्थान पर जगह बना ली। श्रीलंका चौथे स्थान पर है, जबकि स्कॉटलैंड और आयरलैंड के लिए सेमीफाइनल की उम्मीदें खत्म हो चुकी हैं और वे क्रमशः पांचवें और छठे स्थान पर हैं।
ग्रुप ए में ऑस्ट्रेलिया लगातार चार जीत के साथ पहले स्थान पर है और उसका सेमीफाइनल टिकट लगभग कन्फर्म है। वहीं इंडिया, साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश की टीमों ने तीन-तीन मुकाबलों में दो-दो जीत हासिल की हैं और वे क्रमशः दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर हैं। पांचवें स्थान पर पाकिस्तान है, जिसने एक भी मुकाबला नहीं जीता है, जबकि नीदरलैंड्स भी टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है और उसने भी कोई मुकाबला नहीं जीता है।
इस टूर्नामेंट में 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं और एक ग्रुप से सिर्फ दो ही टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। ऐसे में ग्रुप बी से जहां इंग्लैंड और वेस्टइंडीज की टीमें सबसे बड़ी दावेदार हैं, तो वहीं ग्रुप ए में ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका का दावा मजबूत लग रहा है।
हालांकि भारतीय टीम अंक तालिका में दूसरे स्थान पर जरूर है, लेकिन सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए उसे ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम को हराना होगा, जो अब तक टूर्नामेंट में लगातार चार मुकाबले जीत चुकी है। ऑस्ट्रेलिया को हराना भारतीय टीम के लिए आसान नहीं लग रहा है। ऐसे में ग्रुप ए से साउथ अफ्रीका के साथ ऑस्ट्रेलिया दूसरे दौर में जाती हुई नजर आ रही है।
इसके अलावा बांग्लादेश के अगले दोनों मुकाबले काफी मुश्किल हैं, जहां उसे साउथ अफ्रीका और इंडिया से भिड़ना है। हालांकि अगर बांग्लादेश दोनों मुकाबले जीत लेती है, तो उसकी भी अंतिम चार में पहुंचने की उम्मीद बनी रहेगी।
ग्रुप बी में भले ही इंग्लैंड और वेस्टइंडीज ने कोई मुकाबला नहीं गंवाया हो, लेकिन न्यूजीलैंड और श्रीलंका भी सेमीफाइनल की रेस में शामिल हैं। दोनों ने चार-चार में से दो-दो मुकाबले जीते हैं और अगर वे अपने आखिरी मुकाबलों में बड़ी जीत हासिल करते हैं तथा इंग्लैंड और वेस्टइंडीज की टीमें अपने-अपने आखिरी मुकाबले हार जाती हैं, तो इन दोनों में से कोई भी टीम सेमीफाइनल में पहुंच सकती है। हालांकि ऐसा होता हुआ मुश्किल नजर आ रहा है।
Updated on:
24 Jun 2026 08:26 am
Published on:
24 Jun 2026 08:26 am
