क्रिकेट

IND vs ENG: एक बार फिर बरसेंगे चौके -छक्के, हाई स्कोरिंग होगा मुक़ाबला? टॉस जितना जरूरी, जानें मुंबई की पिच और मौसम का हाल

वानखेड़े की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मददगार रहती है, और घरेलू मैदान पर भारत को दबदबा बनाने का मौका मिलेगा, जबकि इंग्लैंड अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और गहराई से चुनौती पेश करेगा।
2 min read
Mar 04, 2026
IND vs ENG Semi final
टी20 वर्ल्‍ड कप ट्रॉफी के साथ इंग्‍लैंड के कप्‍तान हैरी ब्रूक और भारत के कप्‍तान सूर्यकुमार यादव। (फोटो सोर्स: एक्‍स@/CricketCentrl)

India vs England, 2nd SemiFinal, T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल गत चैम्पियन भारत और इंग्लैंड के बीच खेला जाएगा। मुंबई के वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाने वाला यह मैच कल यानि 5 मार्च को शाम 7 बजे से खेला जाएगा। यह लगातार तीसरा मौका है जब टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड एक-दूसरे के खिलाफ मैदान पर उतरेंगे।

वानखेड़े की पिच का हाल

वानखेड़े की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मददगार रहती है, और घरेलू मैदान पर भारत को दबदबा बनाने का मौका मिलेगा, जबकि इंग्लैंड अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और गहराई से चुनौती पेश करेगा। यहां की पिच लाल मिट्टी की बनी होती है। पिच में अच्छा बाउंस और कैरी होता है, जिसके चलते गेंद बल्ले पर अच्छे से आती है और लंबे लंबे शॉट लगते हैं। छोटी बाउंड्री और तेज आउटफील्ड के कारण हाई-स्कोरिंग मैच की उम्मीद है।

टॉस बेहद अहम

शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिल सकती है, लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, बल्लेबाज हावी हो जाते हैं। ओस फैक्टर भी दूसरी पारी में चेज को आसान बना सकता है। ऐसे में टॉस बेहद अहम है और टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद करेगी।

भारत और इंग्लैंड का हेड टू हेड रिकॉर्ड

क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में इंग्लैंड के खिलाफ भारतीय टीम का रिकॉर्ड दमदार रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 29 टी20 मुकाबले खेले गए हैं, इसमें से टीम इंडिया ने 17 मुकाबलों में जीत दर्ज की है, जबकि इंग्लैंड ने 12 मैच जीते हैं। टी20 वर्ल्ड कप 2024 के सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को 68 रनों से हराया था। वहीं, टी20 वर्ल्ड कप 2022 में इंग्लैंड ने भारतीय टीम को 10 विकेट से रौंदा था।

मुंबई के मौसम का हाल

मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमानों के अनुसार, 5 मार्च को मुंबई का आसमान पूरी तरह साफ रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। दिन का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा, जबकि शाम को खेल के दौरान यह गिरकर 25 डिग्री सेल्सियसतक आ सकता है। नमी का स्तर 35% से 51% के बीच रहने की उम्मीद है। हालांकि मुंबई में तटीय इलाका होने के कारण थोड़ी उमस हो सकती है, लेकिन यह खेल में बाधा डालने के स्तर पर नहीं होगी।

Published on:
04 Mar 2026 02:20 pm