क्रिकेट

भारत-पाकिस्तान U19 एशिया कप फाइनल के लिए नहीं कोई रिजर्व-डे! बारिश से रद्द हुआ मैच तो कौन बनेगा विजेता

Ind vs Pak u19 Asia Cup 2025 final: दुबई के मौसम को देखते हुए अंडर-19 एशिया कप 2025 के फाइनल पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। अन्‍य मैचों की तरह एसीसी ने इस मैच के लिए भी कोई रिजर्व डे नहीं रखा है। अगर, ऐसे में ये मैच बारिश की भेंट चढ़ता है तो किसे विजेता घोषित किया जाएगा?

2 min read
Dec 20, 2025
Ind vs Pak u19 Asia Cup 2025 final
अंडर-19 एशिया कप 2025 में भारत बनाम पाकिस्‍तान मुकाबला। (फोटो सोर्स: एक्‍स@/ACCMedia1)

Ind vs Pak u19 Asia Cup 2025 final: एसीसी अंडर-19 एशिया कप 2025 अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है। भारत ने श्रीलंका को 8 विकेट से रौंदकर फाइनल में जगह बनाई है तो पाकिस्‍तान भी बांग्‍लादेश के खिलाफ इतने ही विकेट से जीत दर्ज कर फाइनल में पहुंचा है। अब चिर प्रतिद्वंद्वी भारत और पाकिस्‍तान के बीच खिताबी मुकाबला रविवार 21 दिसंबर को दुबई स्थित आईसीसी एकेडमी में खेला जाएगा। लेकिन, दुबई का मौसम चिंता बढ़ाने वाले है। जहां पिछले दो मैच बारिश से प्रभावित रहे हैं। अब सबसे बड़ा सवाल ये है कि अगर भारत बनाम पाक मुकाबला बारिश से धुलता है तो विजेता किसे घोषित किया जाएगा?

पिछले दो मैचों में बारिश ने डाली बाधा

बता दें कि अंडर-19 एशिया कप में पहला सेमीफाइनल भारत और श्रीलंका के बीच दुबई की आईसीसी एकेडमी में 19 दिसंबर को खेला गया था। बारिश के चलते उस मैच को 50-50 की जगह 20-20 ओवर का कर दिया गया था। जबकि दूसरा सेमीफाइनल बांग्‍लादेश और पाकिस्‍तान के बीच दुबई के द सेवंस स्‍टेडियम में खेला गया, जिसे बारिश की वजह से 27-27 ओवर का कराना पड़ा। दुबई के मौसम को देखते हुए अब भारत बनाम पाकिस्‍तान के बीच खेले जाने वाले फाइनल पर भी संकट के बादल मंडरा रहे हैं।

नहीं हुआ मैच तो कौन बनेगा विजेता?

एसीसी यानी एशियन क्रिकेट काउंसिल के नियमानुसार, अंडर-19 एशिया कप में मैचों के लिए कोई रिजर्व डे नहीं है। अगर टूर्नामेंट में कोई मैच किसी कारण नहीं हो पाता है तो ग्रुप स्टेज की पॉइंट्स टेबल के आधार पर ऊपर रहने वाली टीम को विजेता घोषित कर दिया जाएगा। इसका मतलब होगा कि मैच धुलने पर ग्रुप ए टॉपर के तौर पर भारत को विजेता घोषित कर दिया जाएगा।

भारत अंडर-19 टीम

आयुष म्हात्रे (कप्‍तान), वैभव सूर्यवंशी, एरोन जॉर्ज, विहान मल्होत्रा, वेदांत त्रिवेदी, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), कनिष्क चौहान, खिलान पटेल, हेनिल पटेल, दीपेश देवेन्द्रन, किशन कुमार सिंह, हरवंश पंगलिया, उधव मोहन, नमन पुष्पक, युवराज गोहिल।

पाकिस्तान U19 टीम

उस्मान खान, समीर मिन्हास, फरहान यूसुफ (कप्‍तान), अहमद हुसैन, हुजैफ़ा अहसन, हमजा जहूर (विकेटकीपर), डेनियल अली खान, मोहम्मद शायान, अब्दुल सुभान, मोहम्मद सय्याम, अली रज़ा, अली हसन बलूच, मोमिन क़मर, मोहम्मद हुजैफ़ा,
नकाब शफीक।