क्रिकेट

IND vs SL: पहले दिन के तीनों सेशन भारत ने जीते, देवदत्त पडिक्कल के शतक की बदौलत भारत का स्कोर 300/5

IND vs SL 2nd Test Day 1: कोलंबो में खेले जा रहे दूसरे टेस्‍ट के पहले दिन के तीनों सेशन भारत के नाम रहे हैं। टीम इंडिया ने पहले दिन का खेल खत्‍म होने तक अपनी पहली पारी में पांच विकेट के नुकसान पर 300 रन स्‍कोर बोर्ड पर लगा दिए हैं।
2 min read
Aug 23, 2026
IND vs SL 2nd Test Day 1, Shubman Gill and Devdutt Padikkal,
देवदत्‍त पडिक्‍कल को अर्धशतक की बधाई देते कप्‍तान शुभमन गिल। (फोटो सोर्स: IANS)

India vs Sri Lanka 2nd Test Day 1 Highlights: श्रीलंका के खिलाफ गॉल टेस्‍ट जीतकर 1-0 की अजेय बढ़त हासिल कर चुकी भारतीय टीम दूसरे मुकाबले में भी काफी मजबूत स्थिति में पहुंच गई है। कोलंबो के सिंहली क्रिकेट क्‍लब के ग्राउंड पर खेले जा रहे दूसरे टेस्‍ट के पहले दिन तीनों सेशन भारत ने जीतते हुए पहले दिन का खेल खत्‍म होने तक पांच विकेट के नुकसान पर 300 रन स्‍कोर बोर्ड पर लगा दिए है। अब भारत की नजरें दूसरे दिन सोमवार को 500 से ज्‍यादा का स्‍कोर करने पर होंगी।

खराब शुरुआत के बाद संभली भारतीय टीम

भारत दूसरे टेस्ट मुकाबले के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव के साथ उतरी। कुलदीप यादव के इन्फेक्शन से ग्रस्त होने की वजह से उनके स्थान पर सारांश जैन का अंतरराष्‍ट्रीय टेस्‍ट डेब्यू कराया गया। लेकिन, टॉस जीतने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। केएल राहुल के सस्ते में पवेलियन लौटने के बाद यशस्‍वी जायसवाल अच्छी लय में दिख रहे थे, लेकिन असिथा फर्नांडो ने 45 रनों के निजी स्कोर पर उन्‍हें क्लीन बोल्ड करते हुए 66 के स्‍कोर पर भारत को बड़ा झटका दिया।

पडिक्‍कल ने सीरीज में जड़ा दूसरा शतक

केएल राहुल के 18 रनों पर पवेलियन लौटने के बाद क्रीज पर उतरे देवदत्त पडिक्कल शुरुआत से ही बेहतरीन लय में नजर आए। उन्होंने यशस्वी जायसवाल के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए पहले 29 रनों की साझेदारी निभाई। इसके बाद उन्होंने कप्तान शुभमन गिल संग पडिक्‍कल ने तीसरे विकेट के लिए 120 रनों की शतकीय साझेदारी की। गिल जब 50 रन बनाकर आउट हुए, तब भारत का स्‍कोर तीन विकेट के नुकसान पर 186 रन था। इसके बाद पडिक्‍कल ने पहले अपना सीरीज का दूसरा शतक पूरा किया और फिर वह 117 के स्‍कोर पर केशरा नुवांथा का शिकार बने।

ऋषभ पंत की कलाई में लगी चोट

इससे पहले ऋषभ पंत महज तीन रन बनाकर कलाई पर गेंद लगने के चलते रिटायर्ड हर्ट हो गए। इसके बाद जडेजा 43 रन बनाकर असिथा की गेंद पर क्‍लीन बोल्‍ड हो गए। फिर डेब्‍यूटेंट सरांश जैन जुरेल का साथ देने आए। ये दोनों क्रमश: 4 और 7 रन बनाकर नाबाद पलेलियन लौटे। भारत ने पहले दिन का खेल खत्‍म होने तक पांच विकेट के नुकसान पर 300 रन बना लिए हैं। वहीं, श्रीलंका की ओर से पहले दिन असिथा फर्नांडो ने सबसे ज्‍यादा तीन विकेट हासिल किए, तो लाहिरू कुमारा और केशरा नुवांथा को एक-एक विकेट मिला।