
India vs West Indies Players Comparison: भारत ने वेस्टइंडीज को तीन मैचों की वनडे सीरीज में 2-1 से हरा दिया है। अब दोनों टीमें 5 मैचों की टी-20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों के बीच इस सीरीज का पहला मुकाबला 6 अक्टूबर को लखनऊ में खेला जाएगा। इसके बाद रांची, इंदौर, हैदराबाद और बेंगलुरु में मुकाबले खेले जाएंगे। भारतीय टीम का नेतृत्व श्रेयस अय्यर करेंगे जबकि वेस्टइंडीज टीम की कमान शाई होप के हाथों में होगी। भारत के पास जहां पहले से स्थापित नामों और इंटरनेशनल क्रिकेट का अच्छा अनुभव हासिल कर चुके खिलाड़ियों संयोजन है, वहीं वेस्टइंडीज ने भविष्य को ध्यान में रखते हुए कुछ युवा और नए चेहरों को मौका दिया है।
भारत की T20I टीम में श्रेयस अय्यर, संजू सैमसन, ईशान किशन जैसे कई अनुभवी सितारे हैं, जो इंटरनेशनल लेवल पर अपनी चमक स्थापित कर चुके हैं। इनके साथ अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा और नितीश कुमार रेड्डी जैसे खिलाड़ी भी हैं, जो युवा होने के बावजूद इंटरनेशनल क्रिकेट का अच्छा खासा अनुभव हासिल कर चुके हैं। सबसे अधिक नजर 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी पर रहेगी।
अभिषेक शर्मा पावरप्ले में तेजी से रन बनाने का विकल्प देते हैं। उनके साथ ईशान किशन या संजू सैमसन में से किसी एक को ओपनिंग की जिम्मेदारी मिल सकती है। मिडिल ऑर्डर में श्रेयस अय्यर और तिलक वर्मा का संयोजन महत्वपूर्ण होगा। शिवम दुबे बड़े शॉट लगाने के साथ गेंदबाजी का विकल्प भी देते हैं। वहीं वैभव सूर्यवंशी को मौका मिलता है तो उनके लिए यह सीरीज बेहत महत्वपूर्ण होगी।
बॉलिंग की बात करें तो भारत के पास अक्षर पटेल, कुलदीप यादव और रवि बिश्नोई के रूप में तीन अलग-अलग तरह के स्पिन विकल्प हैं। पावरप्ले और डेथ ओवरों में अर्शदीप सिंह अहम भूमिका निभा सकते हैं। वहीं युवा तेज गेंदबाज मयंक यादव भी अपनी तेज से विरोधी टीमों की नींद उड़ाने का दमखम रखते हैं। कुल मिलाकर देखा जाए तो भारत ने एक तरफ अनुभवी खिलाड़ियों को बरकरार रखा है, तो दूसरी तरफ भविष्य को ध्यान रखते हुए युवा खिलाड़ियों को भी मौका दिया है।
वेस्टइंडीज की टीम को पूरी तरह युवा टीम कहना सही नहीं होगा। शाई होप, शिमरॉन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, रोमारियो शेफर्ड और अकील हुसैन जैसे अनुभवी खिलाड़ी टीम में हैं। लेकिन चयन में भविष्य की तैयारी साफ नजर आती है। सबसे बड़ा उदाहरण 19 वर्षीय कामिल पूरन हैं, जिन्हें पहली बार T20I टीम में जगह मिली है। इसके अलावा 26 वर्षीय क्वेंटिन सैम्पसन भी है, जिन्हें सिर्फ 3 टी-20 इंटरनेशनल मैच का अनुभव है। युवा विकेटकीपर और दाएं हाथ के बल्लेबाज ज्वेल एंड्रयू भी हैं, जिन्हें इंटरनेशनल लेवल पर सिर्फ 5 टी-20 मैच खेलने का अनुभव है। 26 वर्षीय तेज गेंदबाज शमर स्प्रिंगर भी हैं, जिन्होंने अब तक सिर्फ 7 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं और कुल 9 विकेट चुके हैं। इस तरह देखा जाएगा सीरीज में वेस्टइंडीज सिर्फ पुराने नामों पर निर्भर नहीं है, बल्कि नए खिलाड़ियों को बड़े मंच पर आजमाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
1- अभिषेक शर्मा बनाम अकील हुसैन: भारत के आक्रामक ओपनर के सामने वेस्टइंडीज का अनुभवी बाएं हाथ का स्पिनर। पावरप्ले में यह मुकाबला रणनीतिक रूप से अहम हो सकता है।
2- तिलक वर्मा बनाम गुडाकेश मोती: तिलक स्पिन को अच्छी तरह खेलने वाले बल्लेबाजों में हैं, जबकि मोती बीच के ओवरों में रन गति रोकने की कोशिश करेंगे।
3- वैभव सूर्यवंशी बनाम वेस्टइंडीज का पेस अटैक: अगर वैभव को प्लेइंग-11 में जगह मिलती है, तो युवा भारतीय बल्लेबाज के सामने शमर जोसेफ और अन्य तेज गेंदबाजों की चुनौती देखने लायक होगी।
कुल मिलाकर भारत और वेस्टइंडी की टीम का फर्क मुख्य तौर पर चयन की प्राथमिकता में दिखाई देता है। भारत के पास मौजूदा T20 इंटरनेशनल ढांचे में पहले से स्थापित खिलाड़ियों का बड़ा पूल है। उसके साथ युवा प्रतिभाओं को जोड़ा गया है। वेस्टइंडीज ने वहीं 2028 T20 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखकर नए खिलाड़ियों को मौका दिया। इस लिहाज से पांच मैचों की यह सीरीज सिर्फ नतीजों के लिहाज से नहीं, बल्कि कौन से युवा खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह बनाने की दिशा में आगे बढ़ते हैं, इस नजरिए से भी महत्वपूर्ण होगी।