
Harmanpreet Kaur on Richa Ghosh: आईसीसी वूमेंस टी20 वर्ल्डकप 2026 (ICC Women's T20 World Cup 2026) में टीम इंडिया ने शानदार आगाज किया है। पहले मुकाबले में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 68 रन से हराकर दो अंक हासिल कर लिए। हालांकि, इसके बावजूद भारतीय टीम नेट रन रेट के मामले में ऑस्ट्रेलिया से पीछे रह गई और दूसरे स्थान पर है। वहीं पाकिस्तान की टीम पांचवें और साउथ अफ्रीका छठे स्थान पर है। ग्रुप में बांग्लादेश तीसरे और नीदरलैंड्स की टीम चौथे स्थान पर है।
ग्रुप स्टेज से सिर्फ दो ही टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करेंगी, इसलिए नेट रन रेट को बेहतर रखना भी जरूरी है। पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम ने 68 रन से जीत हासिल करने के बाद +3.20 का नेट रन रेट हासिल किया और इस नेट रन रेट को बढ़ाने में ऋचा घोष (Richa Ghosh) ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने आखिरी ओवरों में 17 गेंद में 5 चौके और 1 छक्के की मदद से 34 रन की तूफानी पारी खेली।
छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने आई विकेटकीपर बल्लेबाज ने मैच का रुख ही पलट दिया, जिसकी बदौलत भारत ने पाकिस्तान के सामने 171 रन का लक्ष्य रखा, जिसके जवाब में वह सिर्फ 106 रन पर ढेर हो गई।
मैच के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर (Harmanpreet Kaur) से जब पूछा गया कि क्या वह ऋचा घोष को ऊपर बल्लेबाजी के लिए भेज सकती हैं, तब उन्होंने बताया कि अगर उनका चले तो वह उन्हें ओपनिंग के लिए भेज दें, लेकिन मुझे लगता है कि उसकी भी एक भूमिका है जहां वह खेल रही है और आज जिस तरीके से उसने खेला, उससे मैं बहुत खुश हूं।
आपको बता दें कि आईसीसी वूमेंस वनडे वर्ल्ड कप में भी रिचा घोष ने कई तूफानी पारियां खेली थीं और भारत को वर्ल्ड कप जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले मुकाबले में भी उन्होंने भारत की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आपको बता दें कि भारतीय टीम का अगला मुकाबला 17 जून को नीदरलैंड्स के खिलाफ होगा। नीदरलैंड्स ने अपना पहला मुकाबला बांग्लादेश के खिलाफ छह विकेट से गंवा दिया था।