नॉटिंघम में खेले गए सीरीज के तीसरे मैच में भारतीय टीम ने इंग्लैंड को करारी मात देते हुए सीरीज को रोमांचक स्थिति में पहुंचा दिया है।
नई दिल्ली। आखिरकार विराट बिग्रेड ने इंग्लैंड में वो जीत हासिल कर ली, जिसकी लंबे समय से उम्मीद की जा रही थी। पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में 2-0 से पिछड़ने के बाद भारतीय टीम ने नॉटिंघम में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच को विराट अंतर से जीत लिया है। नॉटिंघम टेस्ट के चौथे दिन जीत से महज विकेट दूर खड़ी भारतीय टीम पांचवें दिन के तीसरे ही ओवर में इंग्लैंड के आखिरी बल्लेबाज को आउट करते हुए 203 रनों के अंतर से जीत हासिल की। मैच में बेहतरीन बल्लेबाजी करने वाले भारतीय कप्तान विराट कोहली को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
मैच का संक्षिप्त विवरण-
मैच का टॉस जीत कर इंग्लैंड के भारत को पहले बल्लेबाजी करने का मौका दिया था। जिसके बाद भारत ने कप्तान कोहली और रहाणे की बेहतरीन अर्धशतकीय पारी के दम पर 329 रन बनाए। इसके बाद इंग्लैंड की टीम पहली पारी में हार्दिक पांड्या की घातक गेंदबाजी के कारण 161 रन बना कर ऑल आउट हो गई। भारत ने अपनी दूसरी पारी में कप्तान कोहली के शानदार शतक के दम पर सात विकेट पर 357 रन बनाकर पारी समाप्ति की घोषणा की थी। यहां से इंग्लैंड को जीत के लिए 521 रनों का असंभव का लक्ष्य मिला था। इस लक्ष्य का पीछा करते हुए मेजबान इंग्लैंड की टीम दूसरी पारी में 317 रन बना कर ऑल आउट हो गई। आज दिन का एक मात्र विकेट आर अश्विन ने चटकाया।
32 साल बाद रचा इतिहास-
भारतीय टीम ने 32 साल बाद इंग्लैंड को इतने बड़े अंतर से हराने में कामयाबी हासिल की। बताते चले कि इंग्लैंड में भारत की सबसे बड़ी जीत साल 1986 में कपिल देव की कप्तानी लीड्स में हासिल हुई थी। उस मैच को भारतीय टीम 279 रनों के विशाल अंतर से जीतने में सफल हुई थी। इसके बाद लॉर्ड्स में भारतीय टीम ने 2014 में इंग्लैंड को 95 रनों से हराया था। अब विराट कोहली की कप्तानी में भारत ने इंग्लैंड को करारी शिकस्त दी।