
Team India: एशियन गेम्स 2026 के लिए श्रेयस अय्यर के नेतृत्व में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम रविवार तड़के जापान के आइची-नागोया के लिए रवाना होगी। हालांकि, रवानगी से पहले ही भारतीय क्रिकेट टीम की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दरअसल, टीम के कुछ सदस्यों को अभी भी सही किट का इंतजार है। कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) से जुड़े किट सप्लायर जेएसडब्ल्यू इंस्पायर के बीच हुई बातचीत के बाद किट से जुड़ी ज्यादातर समस्याओं को सुलझा लिया गया है। हालांकि, टीम के कुछ खिलाड़ियों को अभी भी सही साइज की किट मिलने का इंतजार है।
किट से जुड़ी समस्याओं को लेकर भारतीय ओलंपिक संघ से जुड़े एक सूत्र ने कहा कि टीम इंडिया के अधिकतर सदस्यों की दिक्कतें दूर कर दी गई हैं, जबकि कुछ किट अभी बाकी हैं। उन्हें जल्द ही टीम को सौंप दिया जाएगा। भारतीय टीम के खिलाड़ियों को दो अलग-अलग जर्सी की जरूरत है, एक द्विपक्षीय मुकाबलों के लिए और दूसरी एशियन गेम्स के मुकाबलों के लिए। ऐसे में साइज को लेकर समस्या आ सकती है।
जापान में भारतीय टीम के ठहरने की व्यवस्था भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) की ओर से की गई थी, लेकिन असुविधाओं को देखते हुए BCCI ने अलग होटल की व्यवस्था की है। बताया जा रहा है कि भारतीय ओलंपिक संघ की ओर से की गई व्यवस्था में खिलाड़ियों के किट रखने तक के लिए पर्याप्त जगह नहीं थी। ऐसे में BCCI ने अपने स्तर पर अलग होटल की व्यवस्था की है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए इस तरह की कोई समस्या नहीं थी।
एशियन गेम्स के लिए जापान दौरे पर भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम दो अलग-अलग जर्सी पहनेगी। भारतीय टीम 22 सितंबर को जापान के खिलाफ एकमात्र टी-20 इंटरनेशनल मैच खेलेगी। इस मुकाबले में भारतीय टीम अपनी नियमित जर्सी पहनेगी। इसके बाद 28 सितंबर को एशियन गेम्स शुरू होने पर भारतीय टीम आधिकारिक एशियन गेम्स की जर्सी में नजर आएगी।
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वैभव सूर्यवंशी, यश ठाकुर और विप्रज निगम।