स्मृति मंधाना महिला वनडे में 5000 रन बनाने वाली दूसरी भारतीय और कुल मिलाकर दुनिया की 5वीं बल्लेबाज बन गई हैं।
Smriti Mandhana: आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप का 13वां मुकाबला रविवार को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जा रहा है। इस मैच में भारत की स्मृति मंधाना ने कमाल का प्रदर्शन किया और 66 गेंद में 9 चौके और 3 छक्के संग शानदार 80 रन बनाए। इस पारी की बदौलत भारतीय महिला क्रिकेटर स्मृति मंधाना ने वनडे फॉर्मेट में एक कैलेंडर ईयर में 1,000 रन बनाने वाली पहली महिला बनने के बाद अपने खाते में एक और उपलब्धि जोड़ ली है। दरअसल, वह महिला वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 5000 रन बनाने वाली क्रिकेटर भी बन गई हैं। मंधाना ने 5000 रन के आंकड़े को महिला वनडे क्रिकेट में सिर्फ 112 इनिंग में हासिल किया।
उनसे पहले यह कीर्तिमान वेस्टइंडीज महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान स्टेफ़नी टेलर के नाम था, जिन्होंने 129 वनडे इनिंग में यह उपलब्धि हासिल की थी। इतना ही नहीं, गेंदों के लिहाज से भी भारतीय क्रिकेटर स्मृति मंधाना महिला वनडे में सबसे तेज 5000 रन बनाने वाली दुनिया की सबसे तेज बल्लेबाज हैं। न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स ने 2022 में 5000 रन के क्लब में शामिल होने के लिए 6182 गेंदे खेली थी, जबकि स्मृति मंधाना ने अब तक 5569 गेंदें खेली।
| खिलाड़ी | टीम | इनिंग | गेंद |
| स्मृति मंधाना | भारत | 112* | 5569* |
| स्टेफ़नी टेलर | वेस्टइंडीज | 129 | 7218 |
| सूजी बेट्स | न्यूजीलैंड | 136 | 6182 |
| मिताली राज | भारत | 144 | 7670 |
| चार्लोट एडवर्ड्स | इंग्लैंड | 146 | 7711 |
| खिलाड़ी | टीम | मैच | रन |
| मिताली राज | भारत | 232 | 7805 |
| चार्लोट एडवर्ड्स | इंग्लैंड | 191 | 5992 |
| सूजी बेट्स | न्यूजीलैंड | 173 | 5896 |
| स्टेफ़नी टेलर | वेस्टइंडीज | 170 | 5873 |
| स्मृति मंधाना | भारत | 112* | 5004* |
स्मृति मंधाना (Smriti Mandhana) महिला वनडे क्रिकेट में 5000 रन तक पहुंचने वाली दूसरी भारतीय भी हैं। उनसे आगे भारत की पूर्व कप्तान मिताली राज है, जिनके नाम 7805 रन हैं। वर्तमान में मिताली राज के नाम वनडे प्रारूप इतिहास में सर्वाधिक रन हैं।