क्रिकेट

Breaking: इंदौर में नहीं खेला जाएगा भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरा वनडे, इस शहर में होगा आयोजन

भारत और वेस्टइंडीज के बीच 24 अक्टूबर को इंदौर के होलकर स्टेडियम में एकदिवसीय मुकाबला खेला जाना था। बीसीसीआई और एमपीसीए विवाद के कारण अब ये मुकाबला यहां नहीं खेला जाएगा।
2 min read
• •
Updated: 3 Oct 2018, 6:10 PM IST
indore
Breaking: इंदौर में नहीं खेला जाएगा भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरा वनडे, इस शहर में होगा आयोजन

नई दिल्ली। भारत के दौरे पर आई वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के बीच गुरुवार से टेस्ट सीरीज की शुरुआत होने जा रही है। दो टेस्ट मैचों की सीरीज के बाद इन दोनों देशों के बीच पांच वनडे मैचों की सीरीज खेली जानी है। वनडे सीरीज का दूसरा मैच पहले इंदौर के होलकर स्टेडियम में होना प्रस्तावित था। लेकिन मध्यप्रदेश क्रिकेट संघ और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के बीच जारी तकरार के कारण अब ये मैच इंदौर में नहीं आयोजित होगा।

इंदौर के क्रिकेट प्रेमियों में निराशा-
इस फैसले से इंदौर के क्रिकेट प्रेमियों में निराशा है। बता दें कि इंदौर का होलकर स्टेडियम में कई बड़े रिकॉर्ड बन चुके है। ऐसे में उम्मीद की जा रही थी जब भारतीय टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ होलकर में हल्ला बोलेगी तो कोई और बड़ा रिकॉर्ड बनेगा। इसी मैदान में भारत के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे में 219 रनों की तूफानी पारी खेली थी।

विशखापट्टनम में खेला जाएगा यह मैच-
क्रिकेट संघ के बीच जारी विवाद के कारण भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाला दूसरा एकदिवसीय मुकाबला अब विशाखापट्टनम में खेला जाएगा। यह मैच 24 अक्टूबर को खेला जाएगा। गौरतलब हो कि इंदौर में फ्री टिकट के लिए बीसीसीआई और मध्यप्रदेश क्रिकेट संघ के बीच तानातनी थी। इस विवाद का हल नहीं होने के बाद बीसीसीआई ने ये फैसला लिया है।

विवाद पर mpca के सचिव ने कहा था-
इस विवाद पर एमपीसीए के सचिव मिलिंद कनमड़ीकर ने कहा था कि इतने सीमित समय में अब हमारे लिए यहां 24 अक्टूबर को भारत-वेस्टइंडीज मैच का आयोजन संभव नहीं रह गया है। मिलिंद ने बीसीसीआई से मांग की कि वह अपने नये संविधान के उस प्रावधान को लेकर स्थिति स्पष्ट करे जिसमें देश में अंतरराष्ट्रीय मैचों की मेजबानी के संदर्भ में कहा गया है कि क्रिकेट स्टेडियम की किसी भी टिकट श्रेणी की कुल सीट क्षमता के अधिकतम 10 प्रतिशत टिकटों को प्रायोजकों और अन्य लोगों को मुफ्त बांटा जा सकता है। अब इंदौर से इस मैच की मेजबानी छिने जाने से क्रिकेट प्रेमियों में निराशा है।

Published on: