-IND Vs ENG: इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था।-इंग्लैंड का फैसला गलत साबित हुआ और पूरी टीम महज 112 रन पर ही ढेर हो गई।-खराब प्रदर्शन की वजह से इंग्लैंड की टीम के नाम बेहद ही शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हुआ है।
नई दिल्ली। अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे डे-नाइट टेस्ट मैच में इंग्लैंड की पूरी टीम महज 112 रनों पर धराशाही हो गई, वहीं टीम इंडिया ने 3 विकेट खोकर 99 रन बना लिए हैं। रोहित शर्मा 57 रनों की पारी खेलकर अजिंक्य रहाणे के साथ क्रीज पर जमे हुए हैं। हालांकि, कप्तान विराट कोहली, शुभमन गिल और चेतेश्वर पुजारा उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाएं। इंग्लैंड की पहली पारी के जवाब में भारत महज 13 रन पीछे है और अभी उसके हाथ में 7 विकेट शेष हैं। 112 रनों पर ढेर होने वाली इंग्लैंड टीम के नाम बेहद शर्मनाक रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया है।
टेस्ट का दूसरा न्यूनतम स्कोर
भारत की जमीन पर टीम इंडिया के खिलाफ इंग्लैंड ने अपने टेस्ट इतिहास का दूसरा सबसे न्यूनतम स्कोर बना डाला। इंग्लैंड की पहली पारी 112 रन पर सिमट गई जो इंग्लैंड का भारतीय जमीन पर टेस्ट मैच में दूसरा सबसे न्यूनतम स्कोर है। इससे पहले 1979-80 में मुंबई में हुए टेस्ट मैच में इंग्लैंड की पारी 102 रन पर ऑलआउट हुई थी, जो उसका भारत में टेस्ट में न्यूनतम स्कोर था।
टेस्ट का चौथा न्यूनतम स्कोर
इंग्लैंड का भारत के खिलाफ टेस्ट का यह चौथा न्यूतनम स्कोर है। इंग्लैंड की पारी 1971 में द ओवल में खेले गए मुकाबले में 101 रन पर ऑलआउट हुई थी जो उसका भारत के खिलाफ टेस्ट में अबतक का न्यूतनम स्कोर है। इसके अलावा इंग्लैंड 1986 में लीड्स में हुए टेस्ट में 102 रन पर सिमटी थी जो उसका भारत के खिलाफ तीसरा न्यूनतम स्कोर है।
मजबूत स्थिति में इंडिया
पहले दिन के खेल का अंत होने तक इंडिया ने पहली पारी में 3 विकेट के नुकसान पर 99 रन बना लिए हैं। रोहित शर्मा 57 रन बनाकर नाबाद हैं जबकि रहाणे 1 रन बनाकर खेल रहे हैं। इंडिया पहली पारी में इंग्लैंड से सिर्फ 13 रन ही पीछे है।
बता दें कि इंडिया और इंग्लैंड के बीच चार मैचों की सीरीज 1-1 से बराबरी पर है। इंग्लैंड को पहले टेस्ट में 227 रन से जीत मिली थी। इंडिया ने दूसरा टेस्ट 317 रन से जीतकर सीरीज को 1-1 से बराबर कर लिया।