
IND W vs PAK W Live Streaming Details: वूमेंस एशिया कप 2026 के नौवें मुकाबले में भारतीय टीम का सामना पाकिस्तान से होगा। भारतीय टीम शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर चुकी है, तो वहीं पाकिस्तान ने पहले मुकाबले में थाईलैंड को हराया था और अगर आज का मैच जीत लेती है, तो उसे भी सेमीफाइनल का टिकट मिल जाएगा। भारतीय टीम ने जहां सात बार एशिया कप जीता है, तो वहीं पाकिस्तान दो बार फाइनल में जरूर पहुंची है, लेकिन खिताब से दूर रही है।
टीम इंडिया के टूर्नामेंट के सफर की बात की जाए तो भारतीय टीम ने पहले मुकाबले में थाईलैंड को 94 रन और फिर हांगकांग को 137 रन से मात दी थी। फिलहाल दो मैचों में चार अंक और प्लस 5.775 नेट रन रेट के साथ पहले स्थान पर बनी हुई है और साथ ही सेमीफाइनल का टिकट भी कंफर्म कर लिया है।
अब पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में टीम इंडिया की हार-जीत का सेमीफाइनल के टिकट पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा, लेकिन सिनेरियो जरूर बदल सकता है। अगर पाकिस्तान की टीम इस ग्रुप स्टेज में तीनों मैच जीतती है, तो फिर भारतीय टीम ग्रुप बी की टॉप टीम से भिड़ सकती है। लेकिन अगर भारतीय टीम पहले स्थान पर रहती है, तो फिर उसे दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम से भिड़ना होगा।
पाकिस्तान की टीम ने अपने पहले मुकाबले में थाईलैंड को 35 रन से हराया था और अगर आज भारतीय टीम से हार जाती है, तो उसके पास सेमीफाइनल पहुंचने का मौका होगा, लेकिन उसे हांगकांग को हराकर सेमीफाइनल पहुंचने का मौका होगा।
इस मुकाबले को भारत में डीडी फ्री डिश के डीडी स्पोर्ट्स चैनल पर लाइव देखा जा सकता है। डीडी फ्री डिश के लिए कोई मासिक शुल्क नहीं देना होता है। ऐसे में इस मुकाबले को आप फ्री में लाइव देख सकते हैं। इसके अलावा इस मैच को सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क और सोनी लिव ऐप पर अलग-अलग भाषाओं में कमेंट्री के साथ प्रसारित किया जाएगा। यह मुकाबला दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में भारतीय समयानुसार रात 8:00 बजे से खेला जाएगा।