
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 52वें मैच में आज दिल्ली डेयर डेविल्स का सामना चेन्नई सुपर किंग्स से हुआ। फिरोज शाह कोटला मैदान में खेले गए इस मैच को दिल्ली ने 34 रन के अंतर से अपने नाम कर लिया। दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 162 रन बनाए। दिल्ली की ओर से रिषभ पंत ने (38) जबकि अंतिम ओवरों में विजय शंकर (36) और हर्षल पटेल ने (36) रनों की पारी खेली। 163 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीएसके की टीम निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 128 रन ही बना सकी।
टॉस रिपोर्ट-
चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने टॉस जीतकर दिल्ली डेयरडेविल्स को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया है। चेन्नई की कोशिश इस मैच को जीतते हुए अंक तालिका में पहले स्थान पर कब्जा जमाने की होगी।
चेन्नई की बल्लेबाजी का आलम-
163 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई की शुरुआत अच्छी नहीं रही। शेन वाटसन 14 रन बना कर आउट हुए। हालांकि इसके बाद अंबाती रायडू ने बेहतरीन बल्लेबाजी का मुजाहिरा पेश करते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया। लेकिन उनके आउट होने के बाद सीएसके के बल्लेबाज तेज रन के दवाब में लगातार दबते चले गए। अंत में रविंद्र जेडजा ने 27 रनों की पारी के दौरान थोड़ी उम्मीद जगाई थी। लेकिन वो नाकाफी रही।
दिल्ली की बल्लेबाजी का हाल-
टॉस हार कर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम को पहला झटका पृथ्वी शॉ के रूप में पांचवें ओवर की पहली ही गेंद पर लगी। दीपक चाहर की इस गेंद पर पृथ्वी लंबा शॉट खेलने के चक्कर में सीमारेखा के करीब लपक लिए गए। दूसरे विकेट के लिए कप्तान अय्यर और पंत के बीच एक अच्छी साझेदारी पनप रही थी, लेकिन तभी लुंगी नगीदी ने एक ही ओवर में इन दोनों सेट बल्लेबाजों को आउट कर दिल्ली की उम्मीदों को तगड़ा झटका दिया। पंत (38) जबकि अय्यर (19) रन बना कर आउट हुए। इसके बाद जडेजा ने मैक्सवेल जबकि शार्दुल ने अभिषेक शर्मा को आउट कर दिया। अंतिम ओवरों में विजय शंकर और हर्षल पटेल की अच्छी बल्लेबाजी के दम पर दिल्ली ने 163 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया।
दोनों टीमों में हुए थे तीन बदलाव-
चेन्नई ने अपनी टीम में एक बदलाव किया था। डेविड विले के स्थान पर लुंगी नगीदी को जगह मिली है, वहीं दिल्ली ने अपनी टीम में दो बदलाव किया था। जेसन रॉय और जूनियर डाला को बाहर जाना पड़ा है। ग्लेन मैक्सवेल और आवेश खान को टीम में जगह मिला था।