
नई दिल्ली। जबरदस्त क्रिकेट, ढेर सारे रोमांच, मौज मस्ती और नये अनजान चेहरों को स्टार बना देने वाले इंडियन प्रीमियर लीग(आईपीएल) टी 20 टूर्नामेंट का 11वां सत्र रविवार को सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपर किंग्स में से किसी एक को चैंपियन बनाने के साथ संपन्न हो जाएगा। लगभग दो महीने तक चली दुनिया की सबसे लोकप्रिय घरेलू टी 20 लीग में उतार चढ़ाव के दौर से गुजरने के बाद महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई और न्यूजीलैंड के केन विलियम्सन की कप्तानी वाली हैदराबाद फाइनल में प्रवेश करने में सफल रही हैं।
केकेआर को हराते हुए फाइनल में हैदराबाद-
हैदराबाद ने शुक्रवार को दूसरे क्वालीफायर में दो बार की चैंपियन कोलकाता नाइटराइडर्स को 14 रन से हराते हुये फाइनल में जगह बनाई थी। दिलचस्प बात है कि दोनों टीमें पहले क्वालीफायर से फाइनल तक के छह दिनों के सफर में दूसरी बार भिडऩे जा रही हैं। आईपीएल के ग्रुप चरण में शीर्ष पर रही हैदराबाद और दूसरे नंबर पर रही चेन्नई के बीच इस वर्ष सफर बेहद रोमांचक भी रहा है जहां दोनों ने ही एक दूसरे को सबसे अधिक चुनौती दी है।
हैदराबाद को हरा चुकी है तीन बार-
माही ब्रिगेड इस सीजन में अबतक हैदराबाद की टीम को तीन बार मात दे चुकी है। लीग राउंड में हराने के बाद चेन्नई ने 13 मई को पुणे में हैदराबाद को ग्रुप मैच में आठ विकेट से हराते हुए प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की की थी, तो पहले क्वालीफायर में भी दोनों के बीच ही मुकाबला हुआ और इस बार फिर माही की टीम ने बाजी मारी। दोनों के बीच यह लगातार तीसरा जबकि मुंबई के वानेखड़े मैदान में लगातार दूसरा मैच है, हालांकि इस बार फैसला आईपीएल-2018 के चैंपियन का होना है।
ये हैं माही ब्रिगेड के वीर-
आईपीएल की सबसे सफल टीमों में शुमार चेन्नई के पास अच्छा टीम संयोजन है। टीम में स्टार फिनिशर और कप्तानी धोनी(455 रन), अंबाती रायडू(586), शेन वाटसन(438), सुरेश रैना(413) और प्लेसिस उसके बड़े स्कोरर हैं। तो गेंदबाजों में शार्दुल ठाकुर(15 विकेट), ड्वेन ब्रावो(13 विकेट), रवींद्र जडेजा और दीपक चाहर पर निगाहें रहेंगी।
कप्तान केन और धवन से उम्मीद-
दोनों के बीच पहले क्वालिफायर में हैदराबाद की बल्लेबाजी काफी खराब रही थी और सलामी बल्लेबाज धवन शून्य तथा कप्तान विलियम्सन मात्र 24 रन बना पाए जबकि दोनों ही टीम के शीर्ष स्कोरर हैं जिन्होंने 688 और क्रमश: 471 रन बनाये हैं। वहीं हैदराबाद के गेंदबाजों ने छोटे स्कोर का बचाव करने के लिये भी कड़ा संघर्ष दिखाया था लेकिन आखिरी ओवरों में ब्रेथवेट की महंगी गेंदबाजी ने चेन्नई को जीत दिला दी। हैदराबाद इस मैच की गलतियों को सुधारने की कोशिश करेगा।
चेन्नई की चिंता राशिद खान -
चेन्नई भी पिछले मैच में हैदराबादी टीम के ऑलराउंड प्रदर्शन के बाद सतर्क होगी। कोलकाता के खिलाफ मैच में हैदराबाद ने 138 रन पर सात विकेट गंवाने के बाद अफगान खिलाड़ी राशिद के 10 गेंदों में चार छक्कों और दो चौकों से सजी नाबाद 34 रन की पारी से टीम को 174 तक पहुंचा दिया। इस मैच के हीरो स्पिनर राशिद ने बेहतरीन बल्लेबाजी के बाद 19 रन पर तीन अहम विकेट भी निकाले और बाउंड्री के पास दो कैच लपककर कमाल का क्षेत्ररक्षण भी किया। चौतरफा प्रशंसा पा रहे राशिद से फाइनल में भी टीम को खिताब दिलवाने की काफी जिम्मेदारी रहेगी। उन्होंने अब तक 16 मैचों में टीम के लिये 20.66 के औसत से 21 विकेट लिये हैं।
सिद्धार्थ कौल ने भी की हैं घातक गेंदबाजी -
वहीं कौल उनके गेंदबाजी साथी हैं जिनके नाम भी 21 विकेट दर्ज हैं। बंगलादेशी ऑलराउंडर शाकिब अल हसन(14 विकेट), संदीप शर्मा(11 विकेट), भुवनेश्वर(नौ विकेट) से भी किफायती गेंदबाजी की उम्मीद होगी।