क्रिकेट

IPL-2018: दूसरे मुकाबले में पंजाब की भिड़ंत दिल्ली से, जीत से आगाज करना चाहेगी दोनों टीमें

आईपीएल के दूसरे मैच में रविवार को किंग्स इलेवन पंजाब का सामना दिल्ली डेयरडेविल्स से होगा। यह मैच मोहाली में खेला जाएगा।
2 min read
• •
Updated: 7 Apr 2018, 10:06 PM IST
kxp vs dd

नई दिल्ली। अपने पहले खिताब की तलाश में लगी इंडियन प्रीमियर लीग(आईपीएल) की दो टीमें दिल्ली डेयरडेविल्स और किंग्स इलेवन पंजाब रविवार को लीग के 11वें संस्करण के अपने पहले मुकाबले में जीत के साथ टूर्नामेंट का आगाज करना चाहेंगी। दिल्ली और पंजाब की टीमें लीग के इतिहास में अब तक एक बार भी चैंपियन नहीं बनी हैं। हालांकि इस बार दोनों टीमें अपने नए कप्तानों के साथ टूर्नामेंट में उतरी हैं और दोनों कप्तानों ने अपनी-अपनी टीम को चैंपियन भी बनाने का वादा किया है।

पंजाब की बल्लेबाजी इन पर निर्भर -
वहीं पंजाब की टीम अपने नए कप्तान रविचंद्रन अश्विन की अगुवाई में मैदान में उतरकर जीत के साथ टूर्नामेंट की शुरुआत करना चाहेगी। मेजबान पंजाब को अपने विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल से इस बार धुआंधार शुरुआत की उम्मीद होगी। गेल मयंक अग्रवाल के साथ पारी का आगाज कर सकते हैं। अग्रवाल ने घरेलू सत्र में अबतक 2000 से भी अधिक रन बनाए हैं, इसके बावजूद श्रीलंका में हुई त्रिकोणीय श्रृंखला के लिए राष्ट्रीय चयनकर्ताओं ने उन्हें नजरअंदाज कर दिया था। लेकिन यहां पर अग्रवाल के पास खुद को साबित करने और चयनकर्ताओं को जवाब देने का मौका रहेगा।

गेंदबाजी में अश्विन पर बड़ी जिम्मा-
इसके अलावा टीम के सबसे अनुभवी बल्लेबाज लोकेश राहुल, युवराज सिंह , डेविड मिलर, मार्कस स्टोयनिस और अक्षर पटेल टीम की बल्लेबाजी को मजबूती दे सकते हैं। गेंदबाजी में खुद अश्विन और अक्षर पटेल पर बड़ी जिम्मेवारी होगी। वही तेज गेंदबाजों एंड्र टाई, मोहित शर्मा और अंकित राजपूत के साथ मिलकर गेंदबाजी में पंजाब की नैया पार लगा सकते हैं।

गंभीर की वापसी से मजबूत हुई दिल्ली-
दूसरी तरफ दिल्ली की टीम कोलकाता को दो बार चैंपियन बनाने वाले गंभीर के अनुभव से इस बार कुछ नया कर सकती है। बल्लेबाजी में गंभीर कोलिन मुनरो के साथ ओपनिंग में उतरेंगे, जबकि ऋषभ पंत, श्रेयस अय्यर और विस्फोटक बल्लेबाज ग्लैन मैक्सवेल दिल्ली की बल्लेबाजी को मजबूती देंगे। आलराउंडर विजय शंकर और क्रिस मोरिस भी अपनी अहम भूमिका निभा सकते हैं। गेंदबाजी में अमित मिश्रा और शाहबाज नदीम के अलावा ट्रेंट बोल्ट युवा गेंदबाजों के साथ मिलकर पंजाब के बल्लेबाजों की चुनौती को रोक सकते हैं। पंजाब और दिल्ली ने अबतक कुल 20 मुकाबले खेले हैं, जिसमें पंजाब ने 11 और दिल्ली ने नौ मैच जीते हैं।

Published on: