इंडियन प्रीमियर लीग के 11वें संस्करण का आगाज आज से होने जा रहा है। इस लोकप्रिय लीग में इस बार दो पुरानी टीमें वापसी कर रही है।
मुंबई। इंडियन प्रीमियर लीग के 11वें संस्करण का आगाज आज से होने जा रहा है। फटाफट क्रिकेट के इस महाकुंभ में आज से आठ टीमों के बीच रोचक भिड़ंत होने वाली है। पहला मैच आज तीन बार की चैंपियन मुंबई का सामना दो बार की विजेता टीम चेन्नई से होने वाली है। भारत में क्रिकेट का त्योहार माने जाने वाली आईपीएल नए सीजन में दो पुरानी टीमों की वापसी के साथ धूम मचाने के लिए तैयार है। चेन्नई और राजस्थान रॉयल्स की टीमें दो साल के प्रतिबंध के बाद वापसी कर रही हैं। दोनों टीमों को 2013 में स्पॉट फिक्सिंग का दोषी पाए जाने के बाद दो साल के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया था।
कई बड़े बदलाव के हुए है इस बार -
इस आईपीएल में टीमें नए चेहरों के साथ उतरेंगी। मसलन दो बार कोलकाता नाइट राइडर्स को विजेता बनाने वाले कप्तान गौतम गंभीर इस बार अपने गृहनगर दिल्ली डेयरडेविल्स की जर्सी में दिखेंगे। वहीं चेन्नई की दो बार खिताबी जीत में हिस्सा रहे ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन इस बार किंग्स इलेवन पंजाब की कप्तानी करते नजर आएंगे।
पंजाब और दिल्ली की टीम लगभग नई-
कुछ टीमों ने इस सीजन के लिए अपनी पूरी टीम ही बदल दी तो, वहीं कुछ टीमों ने अपनी पिछली टीम के अधिकतर खिलाड़ियों को दोबारा पाने में सफलता हासिल की। पंजाब और दिल्ली ने अपनी टीमों को लगभग पूरा बदल दिया है। वहीं चेन्नई, राजस्थान और मुंबई ने अपने अधिकतर पुराने खिलाड़ियों को बनाए रखने में सफलता हासिल की है।
खिताबी जीत के सुखे को खत्म करना चाहेंगे कोहली -
अभी तक खिताबी जीत से महरूम रहने वाली विराट कोहली की रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर इस बार अपने सूखे को खत्म करना चाहेगी। कोहली ने भी अपनी टीम में काफी बदलाव किए हैं। टीम ने क्रिस वोक्स, ब्रेंडन मैक्कुलम, वॉशिंगटन सुंदर जैसे खिलाड़ी आए हैं तो वहीं अब्राहम डिविलयर्स पहले से मौजूद हैं।
चेन्नई की कप्तानी एक बार फिर आईपीएल इतिहास के सबसे सफल कप्तान महेंद्र सिंह धौनी के हाथों में होगी। इस टीम में पुराने दिग्गज सुरेश रैना और रवींद्र जडेजा भी हैं।
मुंबई और हैदराबाद की कहानी -
वहीं तीन बार खिताब अपने नाम कर चुकी मुंबई ने कप्तान रोहित शर्मा को तो अपने पास बनाए रखा ही है साथ ही हार्दिक पांड्या, उनके भाई क्रुणाल पांड्या, जसप्रीत बुमराह को भी बनाए रखा है। इस आईपील में हालांकि स्टीव स्मिथ और सनराइजर्स हैदराबाद को खिताब दिलाने वाले कप्तान डेविड वार्नर नहीं हैं। दोनों को बॉल टेम्परिंग विवाद के कारण आईपीएल गर्वनिंग काउंसिल ने आईपीएल के इस सीजन में हिस्सा लेने से प्रतिबंधित कर दिया है।
सात टीमों की कमान भारतीय खिलाड़ियों के पास -
स्मिथ के हाथों में राजस्थान की कमान थी लेकिन अब अजिंक्य रहाणे की कप्तान बनाया गया है जबकि न्यूजीलैंड के केन विलियमसन हैदराबाद की कप्तानी करेंगे। आईपीएल के इस संस्करण में सात भारतीय खिलाड़ी अपनी टीमों की कप्तानी करते नजर आएंगे। बता दें कि वॉर्नर के निलंबित होने के बाद ऐसी कयास लगाई जा रही थी, शिखर धवन को कप्तानी मिल सकती है।
उलटफेर कर सकती है दिल्ली और पंजाब की टीम -
गंभीर के न रहने के बाद कोलकाता की कमान विकेटकीपर-बल्लेबाज दिनेश कार्तिक के हाथों में है। टीम में कई पुराने खिलाड़ी नहीं हैं। मनोज तिवारी इस बार पंजाब से खेल रहे हैं जबकि सीजन शुरू होने से पहले स्टार्क चोट के कारण कोलकाता से नहीं जुड़ पाएंगे। बदली हुई पंजाब और दिल्ली की टीमें इस बार उलटफेर कर सकती हैं।