HIGHLIGHTS IPL 2020: राजस्थान रॉयल्स से चेन्नई सुपर किंग्स की हार के लिए कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ( Mahendra Singh Dhoni ) को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है और इसलिए धोनी की जमकर आलोचना की जा रही है।
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग यानी IPL 2020 के चौथे मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को करारी शिकस्त देकर शाही जीत दर्ज की। चेन्नई की हार से टीम के फैंस और कई दिग्गज खिलाड़ी काफी निराश हैं। इस हार के लिए कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ( Mahendra Singh Dhoni ) को जिम्मेदार मान रहे हैं और इसलिए धोनी की जमकर आलोचना कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर फैंस के गुस्से का शिकार हुए धोनी को लेकर भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर ने भी खरी-खोटी सुनाई है। उन्होंने कहा कि धोनी के सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरने के फैसले की आलोचना की और कहा कि धोनी ने विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए बल्लेबाजी क्रम में नीचे उतरकर मोर्चे से अगुआई नहीं की।
अगर इमानदारी से कहूं तो मैं हैरान था कि धोनी सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे हैं। धोनी ने अपने से पहले सैम करन, ऋतुराज गायकवाड़ और केदार जाधव को भेजा। इसका क्या मतलब था। टीम की स्थिति के अनुसार आपको तो मोर्चे से अगुवाई करनी चाहिए।
गंभीर ने धोनी को सुनाया खरी-खरी
गौतम गंभीर ने धोनी की आलोचना करते हुए कहा कि यदि किसी और कप्तान ने ऐसा किया होता तो उसकी काफी आलोचना होती, लेकिन चूंकि वह धोनी हैं तो लोग इस बारे में बात भी नहीं कर रहे हैं। उन्होंने आगे यह भी कहा कि जल्दी आउट होने में कोई बुराई नहीं है लेकिन कम से कम टीम को प्रेरित तो करना चाहिए। गंभीर ने कहा कि आपने आखिरी ओवर में क्या किया (तीन गेंद में तीन छक्के)। यही पहले किया होता तो नतीजा कुछ और होता।
गंभीर ने सवालिया अंदाज में कहा कि शायद जीत की ललक थी ही नहीं.. पहले छह ओवर के बाद ही ऐसा लगने सलगा कि CSK ने जीत की उम्मीद छोड़ दी है। उन्होंने कहा ‘आप धोनी के तीन सिक्स की बात कर सकते हैं, लेकिन उनका क्या फायदा। वह तो उनके निजी रन थे।
आपको बता दें कि चेन्नई सुपर किंग्स ने टॉस जीतकर राजस्थान रॉयल्स को पहले बल्लेबाजी करने के लिए आमंत्रित किया। राजस्थान ने धुआंधार पारी खेलते हुए निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 216 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। 217 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई की टीम 6 विकेट खोकर निर्धारित 20 ओवर में 200 रन ही बना सकी और 16 रन से मैच हार गई।