IPL 2024, MI vs KKR: इंडियन प्रीमियर लीग 2024 के 51वें मुकाबले में मिचेल स्टार्क ने शानदार गेंदबाजी की और मुंबई इंडियंस को 145 पर समेटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
MI vs KKR Score Update: इंडियन प्रीमियर लीग 2024 के 51वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने शुक्रवार को वानखेड़े स्टेडियम में आईपीएल के इतिहास की अपनी दूसरी जीत दर्ज की। मिचेल स्टार्क की धारदार गेंदबाजी के दम पर कोलकाता ने मुंबई इंडियंस को 24 रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स ने वेंकटेश अय्यर के 70 रनों की पारी की बदौलत 169 रन बनाने में सफल रही। 170 रनों के जवाब में मुंबई इंडियंस पूरे 20 ओवर भी नहीं टिक पाई और 145 के स्कोर पर ढेर हो गई। स्टार्क ने 4 विकेट झटके तो वरुण चक्रवर्ती, आंद्रे रसेल और सुनील नरेन ने 2-2 विकेट चटकाए।
इससे पहले मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। कोलकाता नाइट राइडर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और नुवान तुशारा ने फिल साल्ट को पहले ही ओवर में पवेलियन भेज दिया। तुशारा की घातक गेंदबाजी जारी रही और उन्होंने अंगकृष और कप्तान श्रेयस को भी सस्ते में पवेलियन भेजकर कोलकाता की बैटिंग लाइनअप को ध्वस्त कर दिया। दूसरे छोर से हार्दिक पंड्या और बुमराह ने मोर्चा संभाला और 57 के स्कोर पर कोलकाता की आधी टीम को आउट कर दिया।
सुनील नरेन को हार्दिक पंड्या ने बोल्ड मारा तो पीयूष चावला ने रिंकू सिंह की पारी पर विराम लगाया। मनिष पांडे को हार्दिक ने पवेलियन भेजा तो बुमराह ने रमनदीप सिंह मिचेल स्टार्क और वेंकटेश अय्यर को आउट कर कोलकाता की पारी समेट दी। बुमराह ने 2.5 ओवर में 18 रन देकर 3 विकेट चटकाए तो नुवान तुशारा ने 4 ओवर में 42 रन दिए और 3 विकेट झटके। कप्तान हार्दिक पंड्या को भी दो सफलता मिली तो एक विकेट पीयूष चावला के नाम रहा।
170 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत खराब रही और दूसरे ओवर में ही ईशान किशन को स्टार्क ने बोल्ड मार दिया। इसके बाद नमन धीर और रोहित शर्मा भी 50 रन के भीतर पवेलियन लौट गए। 70 के स्कोर पर मुंबई ने 5 विकेट गंवा दिए। सूर्या ने एक छोर संभाला लेकिन दूसरे छोर से किस का साथ नहीं मिला। कोलकाता ने गेंदबाजों ने लगातार अंतराल में विकेट निकाले और पूरी टीम को 145 के स्कोर पर ही ढेर कर दिया।
इस हार के बाद मुंबई इंडियंस प्लेऑफ से भी बाहर हो गई है। मुंबई के 11 मैचों के बाद 6 अंक हैं और वह इस सीजन ज्यादा से ज्यादा 6 मैच जीत सकती है, जो पहले से ही कई टीमें जीत चुकी हैं। ऐसे में हार्दिक पंड्या की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस आईपीएल 2024 के प्लेऑफ से बाहर हो गई है।