
Aiden Markram leaves LSG camp: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के बीच लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के कैंप से एक ऐसी चौंकाने वाली खबर सामने आई है जिसने फैंस को हैरान कर दिया है। लखनऊ की टीम को अपने आखिरी दो लीग मैचों से ठीक पहले एक बहुत बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज एडेन मार्करम अचानक बीच टूर्नामेंट में ही लखनऊ का साथ छोड़कर अपने देश वापस लौट गए हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मार्करम निजी कारणों के चलते अचानक साउथ अफ्रीका के लिए रवाना हो गए हैं और अब वो इस सीजन के बचे हुए मैचों में नजर नहीं आएंगे। सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात यह है कि मार्करम के जाने का फैसला जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ होने वाले बड़े मुकाबले से महज कुछ घंटे पहले आया। इसके अलावा वो 23 मई को पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ होने वाले आखिरी लीग मैच में भी टीम का हिस्सा नहीं होंगे।
देखा जाए तो लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम इस सीजन में बेहद खराब प्रदर्शन के बाद पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है। लेकिन इसके बावजूद मार्करम का अचानक जाना बाकी टीमों के टॉप-4 का समीकरण पूरी तरह बिगाड़ सकता है। ऐसा इसलिए क्योंकि लखनऊ के अगले दो मैच राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स से हैं, और ये दोनों ही टीमें इस वक्त प्लेऑफ के आखिरी पायदान के लिए जोर लगा रही हैं।
भले ही लखनऊ बाहर हो गई हो, लेकिन पिछले कुछ मैचों में उसने कमाल की वापसी की थी और अपने पिछले तीन में से दो मैच जीते थे। मार्करम के बिना लखनऊ की टीम अब थोड़ी कमजोर जरूर दिखेगी, जिसका सीधा फायदा विपक्षी टीमों को मिल सकता है।
जयपुर के मैदान पर होने वाला यह मुकाबला राजस्थान रॉयल्स के लिए बेहद खास और जरूरी है। राजस्थान की टीम इस समय 12 मैचों में 12 अंक लेकर पॉइंट्स टेबल में छठे नंबर पर है और वो प्लेऑफ की रेस में पूरी तरह बनी हुई है। हालांकि, टीम पिछले तीन मैचों से लगातार हार झेल रही है और अपने होम ग्राउंड पर भी लगातार तीन मैच हार चुकी है।
अब राजस्थान के सामने समीकरण बिल्कुल साफ है, अगर वो लखनऊ और उसके बाद मुंबई इंडियंस को हरा देते हैं, तो वो 16 अंकों के साथ प्लेऑफ में पहुंच जाएंगे। यहां तक कि अगर किस्मत ने साथ दिया तो वो 14 अंकों के साथ भी क्वालिफाई कर सकते हैं। ऐसे में मार्करम के बिना उतरी लखनऊ के खिलाफ राजस्थान हर हाल में जीत दर्ज कर अपनी किस्मत का ताला खोलना चाहेगी।