क्रिकेट

CSK को हराकर गुजरात टाइटंस की टॉप 5 में एंट्री, साई सुदर्शन ने बदली मैच की कहानी

Chennai Super Kings vs Gujarat Titans: आईपीएल 2026 के 37वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने चेन्नई सुपर किंग्स को 8 विकेट से हराकर अंक तालिका में 5वां स्थान हासिल कर लिया है, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स छठे स्थान पर खिसक गई है।

2 min read
Apr 26, 2026
साई सुदर्शन ने खेली शानदार पारी
साई सुदर्शन (फोटो- IANS)

IPL 2026 CSK vs GT Highlights: आईपीएल 2026 के 37वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने चेन्नई सुपर किंग्स को 8 विकेट से रौंद डाला। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 158 रन बनाए। 159 रन के लक्ष्य को गुजरात टाइटंस ने साई सुदर्शन की धमाकेदार पारी की बदौलत 17वें ओवर में ही सिर्फ 2 विकेट गंवाकर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ जीटी अंकतालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गई है, जबकि सीएसके एक स्थान फिसलकर छठे नंबर पर आ गई है।

गायकवाड़ ने खेली कप्तानी पारी

एमए चिदंबरम स्टेडियम में टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सीएसके ने 7 विकेट पर 158 रन बनाए। टीम की शुरुआत खराब रही और 37 रन तक 4 विकेट गिर गए थे। इसके बाद शिवम दुबे और ऋतुराज गायकवाड़ ने चौथे विकेट के लिए 43 गेंदों में 59 रन जोड़कर पारी संभाली।

दुबे 17 गेंदों में 22 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद गायकवाड़ ने कार्तिक शर्मा (15) के साथ 26 रन और जेमी ओवरटन (18) के साथ 21 रन की साझेदारी कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। गायकवाड़ ने नाबाद पारी खेलते हुए टीम की उम्मीदों को बनाए रखा। गुजरात की ओर से कगिसो रबाडा ने 3 विकेट झटके, जबकि अरशद खान ने 2 विकेट अपने नाम किए। मोहम्मद सिराज और मानव सुथार को 1-1 विकेट मिला।

सुदर्शन ने बदली मैच की कहानी

लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस ने 16.4 ओवर में ही मैच जीत लिया। कप्तान शुभमन गिल ने साई सुदर्शन के साथ 6.2 ओवर में 58 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दी। गिल 23 गेंदों में 33 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद साई सुदर्शन ने जोस बटलर के साथ दूसरे विकेट के लिए 60 गेंदों में 97 रन की साझेदारी कर जीत आसान कर दी। सुदर्शन ने 46 गेंदों में 87 रन बनाए, जिसमें 7 छक्के और 4 चौके शामिल थे। बटलर 30 गेंदों में 39 रन बनाकर नाबाद रहे। सीएसके की ओर से अकील हुसैन और नूर अहमद ने 1-1 विकेट लिया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।

Updated on:
26 Apr 2026 07:34 pm
Published on:
26 Apr 2026 07:32 pm