Chennai Super Kings vs Kolkata Knight Riders: कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ चेन्नई सुपर किंग्स के 4 बल्लेबाजों को अच्छी शुरुआत मिली, लेकिन कोई भी अर्धशतक नहीं जड़ पाया।
IPL 2026, CSK vs RR Update: चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) ने इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League) 2026 के 22वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (Kolkata Knight Riders) के खिलाफ 5 विकेट खोकर 192 रन बनाए। यह आईपीएल इतिहास में किसी खिलाड़ी के अर्धशतक के बिना सीएसके का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले, चेन्नई सुपर किंग्स ने साल 2012 में विशाखापट्टनम में डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ 6 विकेट पर 193 रन बनाए थे। उस मुकाबले को सीएसके ने 74 रन से अपने नाम किया था।
एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने 5 विकेट खोकर 192 रन बनाए। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और संजू सैमसन की सलामी जोड़ी ने 2.2 ओवरों में 25 रन की साझेदारी की। गायकवाड़ महज 7 रन बनाकर पवेलियन लौटे। यहां से सैमसन ने आयुष म्हात्रे के साथ दूसरे विकेट के लिए 22 गेंदों में 47 रन जोड़े। शानदार फॉर्म में चल रहे म्हात्रे ने 17 गेंदों में 2 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 38 रन की पारी खेली।
टीम ने 72 के स्कोर तक अपने 2 विकेट गंवा दिए थे। यहां से सैमसन ने डेवाल्ड ब्रेविस के साथ तीसरे विकेट के लिए 32 गेंदों में 39 रन जोड़ते हुए टीम को शतक के पार पहुंचाया। संजू सैमसन 2 रन से अपना अर्धशतक चूक गए। उन्होंने 32 गेंदों में 3 छक्कों और 4 चौकों की मदद से 48 रन की पारी खेली। इस दौरान कार्तिक त्यागी और सैमसन के बीच रोमांचक जंग देखने को मिली। सैमसन ने कार्तिक के खिलाफ 2 छक्के लगाए लेकिन आखिरकार उनकी ही गेंद पर बोल्ड हो गए।
सरफराज खान ने ब्रेविस के साथ 29 गेंदों में 51 रन जोड़ते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। ब्रेविस 29 गेंदों में 2 छक्कों और 4 चौकों की मदद से 41 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि सरफराज खान ने 18 गेंदों में 2 छक्कों और 1 चौके की मदद से 23 रन की पारी खेली। KKR की ओर से कार्तिक त्यागी ने सर्वाधिक 2 विकेट निकाले, जबकि वैभव अरोड़ा, अनुकूल रॉय और सुनील नरेन ने 1-1 विकेट हासिल किया।