IPL 2026 DC vs GT: दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ ग्लेन फिलिप्स ने शानदार फील्डिंग से सबका ध्यान आकर्षित किया, जहां उन्होंने लगभग नामुमकिन कैच पकड़ने की कोशिश की। भले ही वह कैच पूरा नहीं हो पाया, लेकिन आशीष नेहरा और पूरे स्टेडियम ने तालियों से उनका हौसला बढ़ाया।
IPL 2026 Glen Phillips Viral Video: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 14वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) को करीबी हार का सामना करना पड़ा। इस मुकाबले में गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) ने पहले बल्लेबाजी करते हुए घर से बाहर अपना दूसरा सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया। 20 ओवर में 4 विकेट गंवाकर 210 रन गुजरात टाइटंस के बल्लेबाजों ने बनाए। वहीं, दिल्ली कैपिटल्स इस लक्ष्य का पीछा करते हुए 209 रन ही बना सकी और 1 रन से मैच हार गई।
इस दौरान आशीष नेहरा (Ashish Nehra) का एक अलग ही रूप देखने को मिला। अक्सर बाउंड्री लाइन के करीब खड़े होकर अपने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने वाले और छोटी-छोटी गलतियों पर खिलाड़ियों पर चिल्लाने वाले आशीष नेहरा केएल राहुल (KL Rahul) का एक कैच ड्रॉप होने के बाद तालियां बजाते नजर आए।
दरअसल, केएल राहुल ने एक मिड-ऑफ की ओर शॉट खेला, जो फील्डर से काफी दूर था। लेकिन ग्लेन फिलिप्स (Glen Phillips) ने छलांग लगाई और उस नामुमकिन दिख रहे कैच के करीब पहुंच गए। ग्लेन फिलिप्स की जगह कोई और खिलाड़ी होता तो शायद कैच की कोशिश भी नहीं करता, लेकिन फिलिप्स ने गेंद को लपकने की पूरी कोशिश की, हालांकि वह नाकाम रहे। लेकिन कैमरे औक उनके कोच ने उनकी नाकामी नहीं बल्कि उनकी कोशिश को देखा और नेहरा के साथ-साथ पूरा डगआउट और स्टेडियम तालियों से गूंज उठा। इस कैच की पूरी दुनिया तारीफ कर रही है और सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल (Glen Phillips Viral Video) हो रहा है।
इस मुकाबले में गुजरात टाइटंस के लिए कप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill) ने सबसे अधिक 70 रनों की पारी खेली, जबकि जोस बटलर (jos Buttler) और वॉशिंगटन सुंदर (Washington Sunder) ने भी अर्धशतकीय पारियां खेलीं। ग्लेन फिलिप्स ने 9 गेंदों में 14 रन बनाए। वहीं, दिल्ली कैपिटल्स की ओर से केएल राहुल ने 92 रन बनाए। इसके अलावा डेविड मिलर (David Miller) 20 गेंदों में 41 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, पृथ्वी शॉ ने 41 रन की पारी खेली, लेकिन नीतीश राणा, समीर रिजवी, अक्षर पटेल और ट्रिस्टन स्टब्स के फ्लॉप होने की वजह से दिल्ली कैपिटल्स यह मुकाबला हार गई।