क्रिकेट

ओपनर्स के बाद फिर लड़खड़ाई दिल्ली की बल्लेबाजी, अपने ही घर में नहीं छू पाई 150 रन का भी आंकड़ा

Delhi Capitals vs Kolkata Knight Riders: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 51वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स के सामने 143 रन का लक्ष्य रखा है। ओपनर्स के बाद DC की बल्लेबाजी फिर से फेल नजर आई।
2 min read
May 08, 2026
IPL 2026 DC vs KKR Updates
दिल्ली कैपिटल्स बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स (फोटो- IANS)

IPL 2026 DC vs KKR Update: आईपीएल 2026 के 51वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स के सामने जीत के लिए 143 रन का लक्ष्य रखा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत अच्छी रही। पथुम निसांका और केएल राहुल ने पहले विकेट के लिए 49 रन की साझेदारी की, लेकिन केएल राहुल के आउट होने के बाद विकेटों की ऐसी झड़ी लगी कि टीम 150 के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सकी।

पहले विकेट के लिए जोड़े 49 रन

केएल राहुल ने 14 गेंद में 23 रनों की पारी खेली, तो पथुम निसांका ने 29 गेंद में 50 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और तीन छक्के शामिल थे। इन दोनों के अलावा सिर्फ आशुतोष शर्मा ऐसे बल्लेबाज रहे, जिन्होंने कुछ देर क्रीज पर समय बिताया। उन्होंने 28 गेंद में 39 रन की पारी खेली। इसके अलावा नितीश राणा, समीर रिजवी, ट्रिस्टन स्टब्स और विप्रज निगम दहाई के आंकड़े को भी नहीं छू सके। वहीं कप्तान अक्षर पटेल ने 22 गेंद में 11 रनों की पारी खेली।

इस सीजन दिल्ली की बल्लेबाजी लाइनअप एकजुट होकर प्रदर्शन करने में नाकाम रही है और इस मुकाबले में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए अनुकूल रॉय और कार्तिक त्यागी ने दो-दो विकेट चटकाए। कार्तिक त्यागी ने चार ओवर में सिर्फ 25 रन देकर दो बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई, तो अनुकूल रॉय ने चार ओवर में 31 रन दिए। इसके अलावा वैभव राणा ने तीन ओवर में 39 रन देकर एक विकेट हासिल किया, तो सुनील नरेन सबसे किफायती रहे। उन्होंने चार ओवर में सिर्फ 17 रन दिए और एक विकेट भी हासिल किया। कैमरन ग्रीन ने एक ओवर में 12 रन देकर एक विकेट लिया।

दिल्ली कैपिटल्स अब तक इस सीजन 10 में से सिर्फ 4 मैच जीत पाई है और 6 में उसे हार का सामना करना पड़ा है। टीम अगले 4 मैच जीतकर कुल 16 अंक तक पहुंच सकती है, जिससे उनके लिए प्लेऑफ की राह खुली रहेगी। हालांकि अगर कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ हार जाते हैं तो उनके अंतिम 4 में पहुंचेन की संभावनाएं लगभग खत्म हो जाएगी। दूसरी ओर कोलकाता ने 9 में से 3 मैच जीते हैं और अंक तालिका में 8वें स्थान पर है। इस टीम के लिए हर मैच डू ऑर डाई की तरह है।