मैच के दौरान डीजे द्वारा बजाए गए गानों को लेकर चेन्नई सुपर किंग्स ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) से शिकायत की है। सीएसके प्रबंधन ने गानों को अपना अपमान बताया है।
Royal Challengers Bengaluru vs Chennai Super Kings, IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 11वां मुकाबला गत चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच खेला गया था। बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में आरसीबी ने सीएसके को 43 रनों से हराया था। इस मैच के दौरान कुछ ऐसा हुआ था, जिसने आईपीएल में एक नए विवाद को जन्म दे दिया है।
मैच के दौरान डीजे द्वारा बजाए गए गानों को लेकर चेन्नई सुपर किंग्स ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) से शिकायत की है। सीएसके प्रबंधन ने गानों को अपना अपमान बताया है। सीएसके को तब बुरा लगा जब स्टेडियम के डीजे ने मैच के दौरान 'डोसा, इडली, सांभर, चटनी' गाना बजाया। सीएसके के मुताबिक, सोशल मीडिया पर लोकप्रिय इस गाने का मैच के दौरान इस्तेमाल किए जाने का समय और संदर्भ गलत था।
आईपीएल के एक शीर्ष अधिकारी ने भी यह बताया कि गवर्निंग काउंसिल को सीएसके से शिकायत मिली है और वह इसकी जांच कर रही है। सीएसके के सीईओ काशी विश्वनाथन ने भी इस बात की पुष्टि की और कहा कि शिकायत में मैच के दौरान चेन्नई के खिलाड़ियों के बारे में कथित तौर पर किए गए कुछ कमेंट्स पर चिंता शामिल थी।
उन्होंने कहा, "डीजे आमतौर पर घरेलू टीम का समर्थन करने के लिए होते हैं। लेकिन चिन्नास्वामी स्टेडियम में, यह अलग था। हमारे खिलाड़ियों के खिलाफ कुछ टिप्पणी की गई थी। इसे देखते हुए, हमने बीसीसीआई को इसकी जांच करने के लिए लिखा है।"
विश्वनाथन ने आगे कहा कि जितेश से जुड़े पहले के मामले के बाद, 5 अप्रैल के गेम तक ऐसी कोई घटना नहीं हुई थी। उन्होंने कहा, "वैसी घटना फिर नहीं घटी थी। डीजे को विरोधी खिलाड़ियों पर कमेंट नहीं करना चाहिए। हम खुशकिस्मत हैं कि हमारे पास एक प्यारा फैनबेस है जो बड़ी संख्या में हमारा समर्थन करता है।"
सीएसके के एक अधिकारी ने कहा, "हमारे कुछ खिलाड़ियों का विकेट करने के बाद डीजे की तरफ से टिप्पणी की गई जो गलत है। भीड़ को जोड़ने में डीजे की अहम भूमिका होती है, लेकिन विरोधी खिलाड़ियों को टारगेट करना फ्रेंचाइजी को ठीक नहीं लगा। हम अपने विरोधियों को कम आंकने या उनका अपमान करने के लिए वहां नहीं हैं।"
यह गाना पिछले साल तब वायरल हुआ था जब जितेश शर्मा इसे गाते हुए देखे गए थे, जिसके बाद उन्हें सीएसके फैंस की ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था। हालांकि, चेन्नई फ्रेंचाइजी ने उस समय दखल दिया था ताकि यह पक्का किया जा सके कि विरोधी खिलाड़ियों पर ऐसी कोई बात न की जाए।