PBKS vs DC: धर्मशाला के HPCA स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स को रोमांचक मुकाबले में हराकर अपने अंतिम 4 में पहुंचने की उम्मीदों को जिंदा रखा।
IPL 2026 PBKS vs DC Highlights: आईपीएल 2026 का 55वां मुकाबला धर्मशाला में खेला गया, जहां दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) ने पंजाब किंग्स (Punjab Kings) को 3 विकेट से हरा दिया। यह श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) एंड कंपनी की सीजन में लगातार चौथी हार है। हालांकि टीम ने शुरुआत 7 में से 6 मैच जीते थे, जिसकी वजह से टीम चौथे स्थान पर है। सोमवार को इंडियन प्रीमियर लीग के 55वें मुकाबले में पहले बल्लेबाज करते हुए पंजाब किंग्स ने 20 ओवर में 210 रन बनाए। 211 रन के लक्ष्य को दिल्ली कैपिटल्स ने 19 ओवर में ही हासिल कर लिया। एक समय डीसी ने 4 विकेट सिर्फ 74 रन पर गंवा दिए थे, लेकिन पंजाब किंग्स की गलतियों की वजह से उसने 6 गेंद पहले ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
इस जीत के साथ दिल्ली कैपिटल्स के अगले दौर में पहुंचने की उम्मीदें बची हुई हैं, तो पंजाब किंग्स हार के बावजूद चौथे स्थान पर है और अब उसे अंतिम 4 में पहुंचने के लिए बचे हुए 3 में से 2 मैच जीतने होंगे। यह दिल्ली कैपिटल्स का आईपीएल में दूसरा सबसे सफल रन चेज रहा। इस जीत के साथ डीसी पॉइंट्स टेबल में एक पायदान ऊपर चढ़कर सातवें स्थान पर पहुंच गई है। डीसी ने 12 में से 5 मैच जीते हैं। दूसरी तरफ, लगातार चौथी हार के बाद पंजाब किंग्स 13 अंकों के साथ चौथे पायदान पर बनी हुई है।
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स ने 5 विकेट खोकर 210 रन बनाए। टीम को प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्य की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 6.5 ओवर में 78 रन जुटाए। प्रभसिमरन 18 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि प्रियांश ने 33 गेंदों में 6 छक्कों और 2 चौकों की मदद से 56 रन की पारी खेली। टीम ने 97 के स्कोर तक अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद कूपर कोनोली ने कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ तीसरे विकेट के लिए 52 गेंदों में 83 रन की साझेदारी की।
कूपर 27 गेंदों में 38 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान श्रेयस 36 गेंदों में 3 छक्कों और 5 चौकों की मदद से 59 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि शेडगे ने 8 गेंदों में 21 रन की नाबाद पारी खेली। विपक्षी खेमे से मिचेल स्टार्क और माधव तिवारी ने 2-2 विकेट निकाले। मुकेश कुमार को 1 विकेट मिला।
इसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स ने 19 ओवर में जीत दर्ज कर ली। टीम ने 33 के स्कोर तक अपने 3 विकेट खो दिए थे। यहां से ट्रिस्टन स्टब्स ने कप्तान अक्षर पटेल के साथ चौथे विकेट के लिए 23 गेंदों में 41 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभाला। ट्रिस्टन स्टब्स 17 गेंदों में 12 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद अक्षर ने डेविड मिलर के साथ पांचवें विकेट के लिए 34 गेंदों में 64 रन जोड़कर टीम को 138 के स्कोर तक पहुंचाया। कप्तान अक्षर 30 गेंदों में 2 छक्कों और 8 चौकों की मदद से 56 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद डेविड मिलर ने मोर्चा संभाला। उन्होंने 28 गेंदों में 4 छक्कों और 3 चौकों की मदद से 51 रन बनाए, जबकि आशुतोष ने 10 गेंदों में 24 रन की तूफानी पारी खेली। विपक्षी खेमे से अर्शदीप सिंह और यश ठाकुर ने 2-2 विकेट हासिल किए। बेन ड्वारशुइस और मार्कस स्टोइनिस ने 1-1 विकेट निकाला।
श्रेयस अय्यर ने कहा, "मुझे लगता है कि इस विकेट पर 30 रन ज़्यादा थे, यह देखते हुए कि बॉल कैसे सीम कर रही थी और अलग-अलग बाउंस था। मुझे लगता है कि अगर हमने अपनी लाइन और लेंथ को ठीक से इस्तेमाल किया होता, तो हम विकेट निकाल सकते थे, लेकिन बदकिस्मती से, हम ऐसा नहीं कर पाए। मैं हमेशा कहता हूं कि हार्ड लेंथ, शॉर्ट ऑफ़ हार्ड लेंथ सबसे अच्छी बॉल होती है, खासकर जब कोई नया बैट्समैन आ रहा हो। इसे हिट करना आसान नहीं है क्योंकि अगर आप उन बॉल्स को रिपीट करते रहते हैं, कम से कम एक, एक बॉल होती है, तो मिस-हिट करने का चांस होता है, आप जानते हैं, और आपको विकेट मिल सकता है। हम प्लानिंग में पीछे रह गए हैं।"