क्रिकेट

MI या CSK नहीं, इन 2 टीमों के प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें लगभग खत्म, जानें सबसे आगे कौन

IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के प्लेऑफ की रेस तेज हो गई है, जहां पंजाब किंग्स, राजस्थान रॉयल्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद की टीमें सबसे आगे हैं।

2 min read
Apr 24, 2026
राजस्थान रॉयल्स (फोटो- IANS)

IPL 2026 Playoffs Scenario: आईपीएल 2026 में अब तक 33 मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिसमें राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स ने पांच-पांच मुकाबलों में जीत हासिल की है। वहीं रॉयल चैलेंजर बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद को चार-चार मैचों में जीत मिली है। चेन्नई सुपर किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस ने तीन-तीन मुकाबले जीते हैं, जबकि मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स ने सात में से दो-दो मैच जीते हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स ने सात मुकाबले खेलकर सिर्फ एक में जीत हासिल की है।

ये भी पढ़ें

MI के खिलाफ गरजा Sanju Samson का बल्ला, Rohit Sharma के घर में कर ली उन्हीं के रिकॉर्ड की बराबरी

प्लेऑफ्स की जंग हुई तेज

ज्यादातर टीमों का आधा सफर खत्म हो चुका है। इस सीजन हर टीम को 14 मुकाबले खेलने हैं और 8 मैच जीतने वाली टीम के प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें रहेंगी, जबकि 9 मैच जीतने वाली टीम सीधे प्लेऑफ में जगह बना लेगी। हालिया प्रदर्शन को देखते हुए पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के लिए ये काम आसान लग रहा है। दोनों ने पांच-पांच मुकाबले जीते हैं और इन दोनों टीमों का प्लेऑफ में पहुंचना लगभग तय माना जा रहा है। वहीं आरसीबी और एसआरएच की राह भी ज्यादा मुश्किल नहीं है, क्योंकि उन्हें प्लेऑफ का टिकट कंन्फर्म करने के लिए बचे हुए मुकाबलों में से 5-5 में जीत हासिल करनी होगी।

KKR और LSG की उम्मीदें लगभग खत्म

चेन्नई सुपर किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस की राह थोड़ी कठिन नजर आ रही है। दूसरी ओर लखनऊ सुपर जायंट्स और कोलकाता नाइट राइडर्स की प्लेऑफ में पहुंचने की संभावनाएं लगभग खत्म हो चुकी हैं। लखनऊ ने सात मैचों में दो जीत हासिल की है, लेकिन उनका नेट रन रेट -1.277 है, जो इस सीजन का सबसे खराब है। वहीं कोलकाता ने सात में से सिर्फ एक मैच जीता है और उसके तीन अंक हैं। अगर कोलकाता बचे हुए सातों मैच जीतती है तभी उसकी प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रहेंगी, लेकिन ऐसा होता हुआ नजर नहीं आता। ऐसे में कोलकाता का सफर लगभग खत्म हो चुका है।

दूसरी ओर मुंबई इंडियंस ने भी सात में से दो ही मैच जीते हैं, लेकिन उसने आईपीएल इतिहास में कई बार साबित किया है कि दूसरे हाफ में वापसी कर सकती है और आखिरी सात में से छह मैच जीतकर प्लेऑफ में पहुंच सकती है। ऐसे में मुंबई को लेकर कुछ भी प्रिडिक्ट करना आसान नहीं है।

Also Read
View All