Rashid Khan form: IPL 2026 में राशिद खान की गिरती फॉर्म पर उठ रहे सवालों के बीच गुजरात टाइटंस के कोच विजय दहिया ढाल बनकर सामने आए हैं। दिल्ली के खिलाफ 1 रन की रोमांचक जीत में राशिद के 'ट्रेलर' ने विरोधियों की धड़कनें बढ़ा दी हैं। साथ ही, कोच ने विरोधी टीम के युवा सितारे मुकुल चौधरी की तारीफ कर सबको चौंका दिया है।
IPL 2026, Rashid Khan Form: IPL 2026 के रोमांच के बीच गुजरात टाइटंस (GT) के खेमे से एक बड़ी खबर आ रही है। टीम के दिग्गज स्पिनर राशिद खान, जिनका पिछला कुछ समय उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था, उन्हें अब कोच का जबरदस्त साथ मिला है। कोच का मानना है कि राशिद जैसे चैंपियन खिलाड़ी को किसी को कुछ साबित करने की जरूरत नहीं है।
ये भी पढ़ें
गुजरात टाइटंस के सहायक कोच विजय दहिया ने राशिद खान का बचाव करते हुए कहा कि जिन खिलाड़ियों ने सालों तक खुद को साबित किया है, उन्हें एक-दो खराब सीजन की वजह से अपने खेल के तरीके को बदलने की कोई जरूरत नहीं होती। दहिया ने साफ कहा, 'राशिद को अपने खेल में नई चीजें जोड़ने की जरूरत नहीं है, वो एक चैंपियन गेंदबाज हैं और उन्होंने हर देश, हर लीग और हर मुश्किल हालात में परफॉर्म करके दिखाया है।'
राशिद खान के लिए पिछला सीजन काफी फीका रहा था, जहां उन्होंने 15 मैचों में सिर्फ 9 विकेट लिए थे। इससे पहले 2024 में भी पीठ की सर्जरी की वजह से वो अपनी लय हासिल करने के लिए संघर्ष करते दिखे थे। लेकिन IPL 2026 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ उन्होंने अपनी वापसी का ट्रेलर दिखा दिया है। उस मैच में उन्होंने समीर रिजवी, अक्षर पटेल और नितीश राणा जैसे धाकड़ बल्लेबाजों को आउट कर गुजरात को 1 रन से रोमांचक जीत दिलाई थी।
विजय दहिया ने सिर्फ अपनी टीम ही नहीं, बल्कि लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के 21 साल के युवा बल्लेबाज मुकुल चौधरी की भी दिल खोलकर तारीफ की। मुकुल ने पिछले मैच में केकेआर के खिलाफ दबाव में छक्कों की बरसात कर अपनी टीम को 3 विकेट से जीत दिलाई थी। दहिया ने कहा कि जहां श्रेय बनता है, वहां देना चाहिए, मुकुल ने वाकई कमाल की पारी खेली है।
दिल्ली को हराने के बाद गुजरात टाइटंस के हौसले बुलंद हैं। अब उनका सामना लखनऊ सुपर जायंट्स से होने वाला है। विजय दहिया, जो पहले लखनऊ के भी कोच रह चुके हैं, जानते हैं कि मुकाबला कड़ा होगा, लेकिन राशिद खान की फॉर्म में वापसी ने गुजरात की राह आसान कर दी है।