IPL 2026, RCB vs CSK Update: चेन्नई सुपर किंग्स रविवार को लगातार तीसरा मुकाबला हार गई। इस मुकाबले में एक बार फिर उनका टॉप ऑर्डर फ्लॉप रहा।
Jamie Overton Throws Helmet Frustration: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 11वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर बेंगलुरु (Royal Challengers Bangalore) ने चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) को 43 रन से हरा दिया। मुकाबले में बेंगलुरु ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आईपीएल इतिहास का अपना तीसरा सबसे बड़ा स्कोर (RCB 3rd Highest Total) खड़ा किया। 251 रन के लक्ष्य के जवाब में सीएसके (CSK) की टीम 207 रन पर ढेर हो गई।
एक समय सीएसके ने 84 रन पर 5 विकेट गंवा दिए थे और 108 रन पर छह बल्लेबाज पवेलियन लौट गए थे। ऐसे में लग रहा था कि टीम बड़े अंतर से हारेगी, लेकिन आखिरी ओवरों में जेमी ओवरटन ने प्रशांत वीर के साथ मिलकर बेहतरीन साझेदारी की और टीम की हार का अंतर कम किया। हालांकि, आखिरी ओवर में टीम 207 रन पर ढेर हो गई।
ओवरटन ने 16 गेंद में 4 चौके और 2 छक्कों की मदद से 37 रन की पारी खेली। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 231 का रहा। लक्ष्य का पीछा करते हुए तेज स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करने के बावजूद उनके मन में टीम को जिताने का मलाल और गुस्सा बना रहा। सुयश शर्मा की गेंद पर जेमी ओवरटन कैच आउट होकर पवेलियन लौट गए और उनके आउट होते ही सीएसके की उम्मीदें भी खत्म हो गईं। बाउंड्री लाइन पार करते ही उनका गुस्सा साफ नजर आया और उन्होंने डगआउट में अपना हेलमेट जमीन पर पटक दिया।
इस मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए सरफराज खान ने सबसे ज्यादा 50 रन की पारी खेली। उन्होंने 25 गेंदों का सामना किया, जिसमें 8 चौके और 2 छक्के शामिल थे। इसके अलावा प्रशांत वीर ने 29 गेंद में 43 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 1 छक्का शामिल था। वहीं, अंशुल कंबोज ने 12 गेंद में 19 और शिवम दुबे ने 13 गेंद में 18 रन बनाए।
इस मुकाबले में भी चेन्नई सुपर किंग्स के टॉप-3 बल्लेबाज पूरी तरह फ्लॉप रहे। संजू सैमसन 9 रन ही बना सके, जबकि कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ 7 और आयुष 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। चेन्नई सुपर किंग्स की यह लगातार तीसरी हार है और वह अंक तालिका में निचले पायदान पर मौजूद है। सीजन के पहले मुकाबले में उन्हें राजस्थान रॉयल्स ने हराया था। इसके बाद पंजाब किंग्स के खिलाफ उन्हें 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा और तीसरे मुकाबले में रॉयल चैलेंजर बेंगलुरु ने 43 रन से हरा दिया।