IPL 2026 Schedule Update: रिपोर्ट्स के अनुसार आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से होगा और फाइनल 31 मई को खेला जाएगा। असम, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में विधानसभा चुनावों की तारीखें तय न होने से पूरा शेड्यूल अटका है। कुछ टीमों के होम वेन्यू को लेकर भी फैसला बाकी है।
IPL 2026 Schedule Update: इंडियन प्रीमियर लीग के 2026 सीजन को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। बीसीसीआई (BCCI) ने पहले आईपीएल 2026 की शुरुआत 26 मार्च से करने की योजना बनाई थी, लेकिन अब इसे दो दिन आगे खिसका दिया गया है। ताजा रिपोर्टेस के मुताबिक, टूर्नामेंट 28 मार्च से शुरू होगा और 31 मई को फाइनल मुकाबले के साथ इसका समापन होगा। इस तरह यह सीजन पूरे 64 दिनों तक चलेगा। फ्रेंचाइजियों को पिछले साल 15 दिसंबर 2025 को 26 मार्च की तारीख बताई गई थी। अब आईपीएल गवर्निंग काउंसिल अगले सप्ताह बैठक कर पूरे शेड्यूल को अंतिम रूप देगी।
इसी बैठक में डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी और राजस्थान रॉयल्स के होम ग्राउंड पर भी फैसला होने की उम्मीद है। पिछले सीजन में बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में जीत के जश्न के दौरान हुई भगदड़ में 11 लोगों की जान चली गई थी। इस हादसे के बाद से कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के साथ मिलकर दूसरे वेन्यू तलाशे जा रहे हैं, जिनमें नवी मुंबई, रायपुर और पुणे के मैदानों के नाम सामने आए हैं। वहीं जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम की हालत और राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) के आंतरिक मतभेदों के चलते राजस्थान को होम ग्राउंड पर भी संशय बरकरार है। संभावित वेन्यू में पुणे और गुवाहाटी शामिल है।
शेड्यूल जारी होने में देरी की सबसे बड़ी वजह असम, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में होने वाले विधानसभा चुनाव हैं, जिनकी तारीखें अभी तक घोषित नहीं हुई हैं। केकेआर का घरेलू मैदान कोलकाता में है, सीएसके का होम ग्राउंड चेन्नई है, जबकि राजस्थान रॉयल्स का दूसरा होम वेन्यू गुवाहाटी है, और इन तीनों ही राज्यों में चुनाव हैं। बीसीसीआई यह सुनिश्चित करना चाहता है कि आईपीएल मैच और चुनावी कार्यक्रम आपस में न टकराएं, इसलिए रिपोर्ट्स के अनुसार चुनाव की तारीखें तय होने के बाद ही पूरा शेड्यूल सार्वजनिक किया जाएगा।