वेस्टइंडीज के शेरफेन रदरफोर्ड को IPL 2026 से पहले मुंबई इंडियंस ने ट्रेड किया है।
Sherfane Rutherford Traded to MI, IPL 2026 Retention: वेस्टइंडीज के बल्लेबाज शेरफेन रदरफोर्ड को अगले साल के इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) सीजन से पहले गुजरात टाइटंस से मुंबई इंडियंस में ट्रेड किया गया। बता दें कि शेरफेन रदरफोर्ड को गुजरात टाइटंस ने पिछले सीजन 2.6 करोड़ रुपए में खरीदा था। अब वह अपनी मौजूदा कीमत पर IPL 2026 के लिए मुंबई इंडियंस से जुड़ गए हैं। इसकी जानकारी मुंबई इंडियंस की तरफ से दी गई।
बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने IPL 2025 में गुजरात टाइटंस के लिए 13 मैच खेले और 157.29 की स्ट्राइक रेट से 291 रन बनाए हैं। 27 वर्षीय यह क्रिकेटर इससे पहले IPL में दिल्ली कैपिटल्स (2019) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (2022) का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वह 2020 में मुंबई इंडियंस और 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स टीम का हिस्सा थे, लेकिन उस सीजन वह प्लेइंग-11 का हिस्सा नहीं थे।
इससे पहले शार्दुल ठाकुर को लेकर मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच ट्रेड हुआ। अब ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर IPL 2026 में मुंबई इंडियंस की जर्सी में नजर आएंगे। उन्हें मुंबई इंडियंस ने 2 करोड़ रुपए के ट्रेड वैल्यू पर अपनी टीम में शामिल किया।
ध्यान रहे कि IPL 2025 में शार्दुल ठाकुर को ऑक्शन में किसी ने नहीं खरीदा था। इसके बाद लखनऊ सुपर जायंट्स ने उन्हें रिप्लेसमेंट के तौर पर 2 करोड़ रुपए में अपनी टीम में शामिल किया था।