स्पेंसर जॉनसन के अलावा, टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भी फिटनेस की राह पर लौटते दिख रहे हैं। शुरुआती छह मैचों में नहीं खेलने के बाद मंगलवार को उन्होंने वानखेड़े स्टेडियम में आईपीएल 2026 का अपना पहला विकेटकीपिंग सेशन पूरा किया।
Mumbai Indians vs Chennai Super Kings, IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 33वां मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच खेला जाएगा। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले जाने वाले इस मैच में तेज गेंदबाज स्पेंसर जॉनसन वापसी के लिए तैयार हैं। जॉनसन पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) छोड़कर आईपीएल से जुड़े हैं और सीएसके की ओर से खेलने के लिए तैयार हैं।
सीएसके के बॉलिंग कोच एरिक सिमंस ने संकेत दिया है कि खलील अहमद की चोट के कारण स्पेंसर जॉनसन को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है। चेन्नई सुपर किंग्स इस सीजन चोटों से काफी प्रभावित रही है। पिछले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ खलील अहमद को अपना ओवर पूरा किए बिना ही मैदान छोड़ना पड़ा था। मैच से एक दिन पहले बॉलिंग कोच एरिक सिमंस ने स्पष्ट कहा, "खलील अहमद और अंशुल कंबोज ने हमारे लिए अब तक बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। कल (गुरुवार) रात होने वाले मैच में स्पेंसर जॉनसन (खलील की जगह) हमारी स्टार्टिंग इलेवन का हिस्सा होंगे।"
स्पेंसर जॉनसन के अलावा, टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भी फिटनेस की राह पर लौटते दिख रहे हैं। शुरुआती छह मैचों में नहीं खेलने के बाद मंगलवार को उन्होंने वानखेड़े स्टेडियम में आईपीएल 2026 का अपना पहला विकेटकीपिंग सेशन पूरा किया।
चेन्नई सुपर किंग्स छह मैचों में चार हार के साथ पॉइंट्स टेबल में आठवें स्थान पर है। राजस्थान रॉयल्स, पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ लगातार तीन हार झेलने के बाद टीम ने दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ दो मैच जीते। हालाँकि, इसके बाद सनराइजर्स हैदराबाद के सामने उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन भी इस सीजन अस्थिर रहा है। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ जीत से सीजन की शुरुआत करने के बाद टीम को दिल्ली कैपिटल्स, राजस्थान रॉयल्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स के खिलाफ हार मिली। गुजरात टाइटंस के खिलाफ दूसरी जीत के साथ मुंबई अब एक बार फिर पटरी पर लौटने की कोशिश कर रही है।
सभी खिलाड़ियों की पहली प्राथमिकता आईपीएल में खेलने की होती है। स्पेंसर जॉनसन ने भी इसी वजह से पाकिस्तान सुपर लीग में ज्यादा सैलरी के ऑफर को ठुकराकर आईपीएल को चुना। जॉनसन पिछले सीजन कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेले थे, जहां उन्होंने 4 मैचों में सिर्फ 1 विकेट लिया था। इससे पहले 2024 में उन्होंने गुजरात टाइटंस के लिए डेब्यू किया था और 5 मैचों में 4 विकेट चटकाए थे।
क्वेटा ग्लेडिएटर्स ने जॉनसन को 5.6 करोड़ पाकिस्तानी रुपये (लगभग 1.87 करोड़ भारतीय रुपये) में साइन किया था, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स ने उन्हें 1.5 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया है। यानी उन्होंने PSL की तुलना में 37 लाख रुपये कम सैलरी पर खेलना स्वीकार किया।