क्रिकेट

IPL 2026: 20 मई से उपलब्ध होंगे प्लेऑफ मुकाबलों के टिकट, इस दिन शुरू होगी फाइनल के टिकटों की बिक्री

आईपीएल 2026 में अब तक रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) प्लेऑफ में पहुंचने वाली इकलौती टीम है। शेष तीन स्थानों के लिए पंजाब किंग्स, चेन्नई सुपर किंग्स, गुजरात टाइटंस, सनराइजर्स हैदराबाद, राजस्थान रॉयल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मुकाबला जारी है।
2 min read
May 18, 2026
IPL 2026 RCB vs KKR Virat Kohli Celebrating wicket with bhuvneshwar kumar
IPL 2026: विराट कोहली के साथ विकेट लेने के बाद जश्न मनाते हुए भुवनेश्वर कुमार (फोटो- IANS)

Indian Premier League 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के प्लेऑफ मुकाबलों के टिकट 20 मई से बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे। नॉकआउट चरण के लिए 'डिस्ट्रिक्ट बाय जोमैटो' को आधिकारिक टिकटिंग एजेंसी नियुक्त किया गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सोमवार को इसकी घोषणा की है।

आईपीएल 2026 में अब तक रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) प्लेऑफ में पहुंचने वाली इकलौती टीम है। शेष तीन स्थानों के लिए पंजाब किंग्स, चेन्नई सुपर किंग्स, गुजरात टाइटंस, सनराइजर्स हैदराबाद, राजस्थान रॉयल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मुकाबला जारी है।

टिकट आईपीएल की आधिकारिक वेबसाइट और 'डिस्ट्रिक्ट बाय जोमैटो' प्लेटफॉर्म के जरिए खरीदे जा सकते हैं। बीसीसीआई ने बताया कि टिकट बिक्री का यह चरणबद्ध कार्यक्रम इसलिए बनाया गया है, ताकि फैंस को आसानी से टिकट मिल सकें और 'रुपे' कार्डधारकों को जल्दी बुकिंग करने का विशेष अधिकार मिल सके।

'रुपे' क्रेडिट कार्डधारकों को 20 मई से शुरू होने वाली 24 घंटे की विशेष प्रायोरिटी विंडो का लाभ मिलेगा। इसके जरिए वे क्वालीफायर-1 और एलिमिनेटर के टिकट खरीद सकेंगे। क्वालीफायर-1 मुकाबला 26 मई को धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसके बाद 27 मई को न्यू चंडीगढ़ के न्यू पीसीए स्टेडियम में एलिमिनेटर मैच खेला जाएगा।

क्वालिफायर-2 और फाइनल के लिए प्रायोरिटी विंडो 22 मई को खुलेगी। 29 मई को क्वालीफायर-2 न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा, जबकि खिताबी मैच 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा। प्रायोरिटी अवधि समाप्त होने के बाद, उसके अगले दिन से पहले चरण की सामान्य टिकट बिक्री शुरू हो जाएगी। क्वालीफायर-1 और एलिमिनेटर के टिकट आम जनता के लिए 21 मई से उपलब्ध होंगे, जबकि क्वालीफायर-2 और फाइनल मुकाबलों के टिकटों की बिक्री 23 मई से होगी।

इस साल के प्लेऑफ फॉर्मेट में क्वालीफायर-1 के विजेता को अधिक फायदा मिलेगा, क्योंकि फाइनल में पहुंचने वाली दोनों टीमों को खिताबी मुकाबले के लिए अहमदाबाद जाना होगा। परंपरागत रूप से, क्वालीफायर 2 उसी मैदान पर खेला जाता है जहां फाइनल होता है, लेकिन आईपीएल 2026 के लिए, क्वालीफायर-2 से आगे बढ़ने वाली टीम को भी, क्वालीफायर-1 के विजेता की तरह ही, एक अलग वेन्यू पर नई परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालना होगा।

Updated on:
18 May 2026 09:15 pm
Published on:
18 May 2026 09:15 pm