
Indian Premier League: आईपीएल 2027 के लिए मुंबई इंडियंस ने अपने कोचिंग स्टाफ में कई दिग्गजों को शामिल किया है। दरअसल, फ्रेंचाइजी ने रॉबिन उथप्पा को बल्लेबाजी कोच, मिचेल मैक्लेनाघन को बॉलिंग कोच, टीके दिलीप को फील्डिंग कोच, धवल कुलकर्णी को डेवलपमेंट बॉलिंग कोच नियुक्त किया है। इससे एक दिन पहले मुंबई इंडियंस ने लंबे समय तक टीम का हिस्सा रहे तेज गेंदबाजी कोच लसिथ मलिंगा, बॉलिंग कोच पारस म्हाम्ब्रे और फील्डिंग कोच कार्ल हॉपकिंसन को हटा दिया था। बता दें कि फ्रेंचाइंजी ने आईपीएल के अगले सीजन के लिए महेला जयवर्धने को हटाकर कीरोन पोलार्ड को हेड कोच नियुक्त किया है।
रॉबिन उथप्पा की नियुक्ति आईपीएल के पहले पहले कोचिंग कार्यकाल की शुरुआत है। उन्होंने 2022 सीजन के बाद आईपीएल से संन्यास ले लिया था। आईपीएल 2008 में वह मुंबई इंडियंस की प्लेइंग इलेवन के नियमित सदस्य रहे थे। इसके बाद लीग के शुरुआती ट्रेड में से एक के तहत उन्हें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के जहीर खान के बदले टीम में शामिल किया गया था।
वहीं न्यूजीलैंड के पूर्व बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मैक्लेनाघन ने मुंबई इंडियंस की तीन खिताबी जीत (2015, 2017 और 2019) में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने फ्रेंचाइजी के लिए 56 मैचों में कुल 71 विकेट चटकाए थे।
मैक्लेनाघन 2020 में फ्रेंचाइजी खिताब का सफलतापूर्वक बचाव करने वाली टीम का भी हिस्सा थे। हालाकि उन्हें उस सीजन में एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला। बता दें कि मिचेल मैक्लेनाघन ILT20 2024 में MI एमिरेट्स के गेंदबाजी कोच भी रह चुके हैं। उस टूर्नामेंट में फ्रेंचाइजी ने चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था।
टीम इंडिया के फील्डिंग कोच के रूप में बेहद टीके दिलीप का कार्यकाल बेहद प्रभावशाली रहा है। उनकी फील्डिंग कोच रहते भारतीय टीम ने तीन आईसीसी खिताब जीते। इनमें 2024 और 2026 का टी20 विश्व कप के साथ-साथ 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी शामिल है। रोहित शर्मा के कप्तानी में बतौर फील्डिंग कोच काम कर चुके टीके दिलीप अब मुंबई इंडियंस उनके साथ में काम करते नजर आएंगे।
धवल कुलकर्णी ने IPL के शुरुआती छह सीजन में मुंबई इंडियंस का प्रतिनिधित्व किया है। 2013 में टीम की पहली खिताबी जीत का हिस्सा रहे। इसके बाद उन्होंने आईपीएल 2020 और 2021 में भी मुंबई इंडियंस के लिए वापसी की। उन्होंने 92 मैचों के आईपीएल करियर में राजस्थान रॉयल्स और गुजरात लायंस टीम की ओर से भी खेले हैं। धवल कुलकर्णी 2014 से 2016 के बीच भारत के लिए 12 वनडे और 2 टी20I मैच खेल चुके हैं।
मुंबई इंडियंस ने अपने बयान में कहा कि कुलकर्णी की भूमिका पूरे साल जारी रहेगी। इससे फ्रेंचाइजी के प्रदर्शन कार्यक्रम में निरंतरता बनी रहेगी और खिलाड़ियों के विकास के साथ-साथ प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के पूल को मजबूत करने में लगातार सहयोग मिलेगा।