
नई दिल्ली। शुक्रवार को होने वाली आईपीएल गवर्निंग कॉउन्सिल की बैठक में भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी के आईपीएल खेलने पर फैसला हो सकता है। मोहम्मद शमी के ऊपर उनकी पत्नी हसीन जहां ने सात गंभीर आरोपों में FIR दर्ज कराई है। शमी और उनकी पत्नी हसीन जहां के बीच चल रहे विवाद को लेकर BCCI ने उनका केन्द्रीय अनुबंध भी रोक दिया है। शमी को इस साल नीलामी में दिल्ली डेयरडेविल्स ने खरीदा है।
आज IPL गवर्निंग कॉउन्सिल की बैठक में शमी पर होना है फैसला
BCCI के मुंबई मुख्यालय में आज आईपीएल गवर्निंग कॉउन्सिल की बैठक होनी है। बैठक की अध्यक्षता आईपीएल के चेयरमैन राजीव शुक्ला करेंगे। कार्यवाहक अध्यक्ष सीके खन्ना, कार्यवाहक सचिव अमिताभ चौधरी, कोषाध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी, सीईओ राहुल जौहरी और सीओए की सदस्य डायना इडुलजी भी इस बैठक में शामिल होंगी। इस बैठक में आईपीएल के आयोजन की चर्चा के साथ भारतीय तेज गेंदबाज शमी के आईपीएल खेलने पर भी चर्चा होनी है।
BCCI की एंटी- करप्शन यूनिट कर रही है मैच-फिक्सिंग के आरोपों की जांच
BCCI के एंटी- करप्शन प्रमुख नीरज कुमार शमी पर उनकी पत्नी के लगाए गए आरोपों की जांच करेंगे और एक हफ्ते के भीतर अपनी रिपोर्ट BCCI को सौपेंगे। BCCI शमी पर लगे करप्शन के आरोपों की जांच करेगी। शमी की पत्नी हसीन जहां ने शमी पर मैच-फिक्सिंग के आरोप लगाए थे, इस आरोप से सम्बंधित एक ऑडियो टेप भी लीक हुआ था। गुरुवार की शाम BCCI की एंटी करप्शन यूनिट मोहम्मद शमी से तीन घंटे पूछताछ कर चुकी है।
कोलकाता पुलिस ने कराई हसीन की मेडिकल जांच
कोलकाता पुलिस ने शमी की पत्नी की मेडिकल जांच कराई है। शमी की पत्नी ने शमी के बड़े भाई पर बलात्कार का संगीन आरोप लगाया था। आरोपों से घिरे शमी ने भी अपनी पत्नी पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी पत्नी ने अपनी पहली शादी और उससे हुई दो बेटियों की बात उनसे छुपाई थी। शमी ने आगे बताया कि यह जानने के बाद भी मैं उससे प्यार करता रहा और मैंने उनका और बेटियों का खर्चा भी उठाया।